पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

30 चौराहों पर जमा हुआ 2 हजार टन कचरा

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
7 दिनों से चल रही नगर निगम कर्मचारियों की हड़ताल से शहर के 30 मुख्य चौक-चौराहों पर 2000 टन से अधिक कचरा जमा हो गया है। शहर की सफाई करवाने में सरकार व प्रशासन कर्मचारियों के आगे बेबस नजर आ रहा है। उधर, बाजारों व आबादी वाले क्षेत्रों में भारी मात्रा में कचरा जमा होने के कारण महामारी फैलने का खतरा बढ़ता जा रहा है। चिकित्सकों का मानना है कि अगर कूड़ा उठने से पहले बारिश हो जाती है तो कचरे की बदबू व इससे निकलने वाली खतरनाक गैस से और परेशानी बढ़ सकती है।

हालांकि, मंगलवार को प्रशासन ने कूड़ा उठवाने के कुछ प्रयास किए। हड़ताली कर्मचारियों के डर से शहर की सफाई करने वाली कंपनी जेबीएम ने कूड़ा उठाने से मना कर दिया था। लेकिन, प्रशासन की सख्ती के बाद मंगलवार को कंपनी ने फिर कचरा उठाना शुरू किया है। लेकिन, दोपहर बाद जैसे ही दमकल विभाग के हड़ताली कर्मचारी की मौत की सूचना मिली तो कंपनी कर्मचारियों ने फिर काम बंद कर दिया।

हड़ताल खत्म होने के बाद भी शहर को साफ करने में लगेगा एक सप्ताह

हर रोज निकलता है 300 टन कचरा

कंपनी ने कूड़ा उठाना तो शुरू कर दिया है, लेकिन शहर से पूरा कूड़ा उठाने में कंपनी को एक सप्ताह लग जाएंगे। कंपनी रोजाना अधिकतम 300 टन कूड़ा ही उठा पा रही है। शहर में पहले से ही 2000 टन कूड़ा पड़ा हुआ है। रोजाना 300 टन कूड़ा भी निकल रहा। इसलिए शहर की सफाई के लिए दिन-रात काम करने होंगे।

यहां से उठाया कूड़ा

कंपनी कर्मचारियों ने सेक्टर-11/12 की सड़क पर गाैसअली चौक व आसपास के क्षेत्र और तहसील कैंप क्षेत्र में फतेहपुरी चौक व आसपास के क्षेत्र से करीब 70 टन कचरा निकाला।

यहां पड़ा है कूड़ा

जीटी रोड, इंसार बाजार क्षेत्र, किला क्षेत्र, सनौली रोड, असंध रोड, मॉडल टाउन व तहसील कैंप क्षेत्र में जमा हो गया है काफी कूड़ा।

पानीपत. कर्मियों की हड़ताल के दौरान लालजी मंदिर के पास फैली गंदगी।

क्षेत्र चुनकर ही करें सफाई: डीसी ने कंपनी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे पूरे शहर में एक साथ ना फैलकर एक-एक क्षेत्र को चुनकर कचरा उठाएं। जहां-जहां जरूरत है, वहां सुरक्षा के लिए पुलिस का सहयोग लें।

100 नए कर्मचारियों की सूची सौंपी

हड़ताल में शामिल कर्मचारियों को हटाकर विधायक रोहिता रेवड़ी ने जेबीएम कंपनी अधिकारियों से 100 नए कर्मचारी लगाने के लिए कहा है। जिला प्रबंधक विपुल शर्मा ने बताया कि इसके लिए विधायक ने सूची भी दे दी।

पुलिस व हड़ताली कर्मचारी के बीच हुई कहासुनी

धरना दे रहे एक कर्मचारी व पुलिसकर्मी के बीच कहासुनी हो गई। कर्मचारी ने पुलिस और पुलिस ने कर्मचारी पर गलत बोलने का आरोप लगाया। इसका पता चलते ही डीएसपी राजेश लोहान टीम के साथ मौके पर पहुंच गए।

दमकल कर्मी की मौत के बाद साथ आए कई यूनियन

दमकल विभाग में कार्यरत 90 कर्मचारी भी पक्का होने की मांग को लेकर निगम कर्मचारियों के साथ हड़ताल पर हैं। इनमें से कारद निवासी 28 वर्षीय फायरमैन पंकज की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक के पिता सुरेश मलिक ने बताया कि पंकज 12 साल से विभाग में कच्चा कर्मचारी है। कच्चे कर्मचारियों को हटाने की सूचना के बाद से वह डिप्रेशन में था। मंगलवार सुबह 1उसकी तबीयत बिगड़ी। अस्पताल ले गए वहां डाक्टरों ने उसे मृत बताया।

डीसी से मांगा मुआवजा व परिवार के लिए नौकरी

मृतक पंकज के परिवार के लिए नौकरी व मुआवजे की मांग को लेकर विभिन्न सरकारी विभागों के कर्मचारी लालबत्ती चौक पर एकत्रित हो गए। यहां से प्रशासन व सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मिनी सचिवालय पहुंचे और डीसी सुमेधा कटारिया काे ज्ञापन सौंपा। इस पर डीसी ने सरकार से बातचीत करने और उचित सहायता का आश्वासन दिया।

खबरें और भी हैं...