पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Haryana
  • Panipat
  • 1355 कस्टमर के बिजली बिल का Rs.30 लाख लेकर भागे कंपनी के तीन कर्मचारी

1355 कस्टमर के बिजली बिल का Rs.30 लाख लेकर भागे कंपनी के तीन कर्मचारी

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
बिजली निगम से लोगों के बिल एकत्रित करने का ठेका लेने वाली कंपनी के कर्मचारी ही 30 लाख लेकर फरार हो गए। यह पैसा 1355 कस्टमर का था, जिसे अदा करने के लिए कर्मचारियों को सौंपा गया था।

कर्मचारियों की इस करतूत का खुलासा भी तब हुआ, जब लोगों के बिलों में पिछला बिल जुड़कर पहुंचा। लिहाजा शिकायत मिलते ही बिजली निगम ने कंपनी से संपर्क किया, तब जाकर फर्जीवाड़े का पता चला। ऐसे में अधिकारियों ने कंपनी के डायरेक्टर को पैसा अदा करने के लिए कहा है ताकि कस्टमर को परेशानी न हो। दूसरी तरफ पुलिस ने डायरेक्टर की शिकायत पर तीन कर्मचारियों के खिलाफ आपराधिक मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

यह शिकायत पानीपत के अशोक कुमार की तरफ से पुलिस को सौंपी गई है। जो ई-पे इनफोसर्व प्राइवेट लिमिटेड में डायरेक्टर के पद पर कार्यरत हैं। इनकी कंपनी का उत्तर हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम के साथ कस्टमर के बिजली बिल एकत्रित करने का ठेका हुआ है। पता चला है कि कंपनी के पूरे अम्बाला में कुल 23 काउंटर हैं। जो सभी कस्टमर के बिजली बिल एकत्रित करके निगम में जमा करवा देती है।

कर्मचारी आदर्श भारती को सौंपी थी जिम्मेदारी

शिकायत के मुताबिक कंपनी ने आदर्श भारती को 23 काउंटर से बिजली बिल एकत्रित करके राशि बिजली बोर्ड में जमा करवाने की जिम्मेदारी सौंपी थी। जिन्होंने आगे बलदेव नगर और माॅडल टाउन के काउंटर से बिजली बिल एकत्रित करने के लिए शिविंदर पाल सिंह को लगा दिया। उसने कंपनी को बिना बताए किसी मोहित नाम के व्यक्ति की काउंटरों पर ड्यूटी लगा दी।

ऐसे हुआ खुलासा

अगले दो माह का बिल जब कस्टमर के पास पहुंचा तो उनका पिछला बिल जुड़कर आया हुआ था। पहले एक-दो ने शिकायत की, जब लगातार शिकायतें आने लगी तो गड़बड़ी की आशंका हुई। चैक करने पर पूरी साजिश का खुलासा हो गया। पता चला है कि ये तीनों कंपनी का 30 लाख लेकर हजम कर गए हैं। इस पर जब कंपनी ने शिविंदर पाल से बात की तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने कहा कि यह पैसा अपने व्यक्तिगत काम में खर्च कर दिया है। आरोपी का दिया 25 लाख का दिया चैक बाउंस हो गया। शिविंदर ने धमकी देते हुए पैसा देने से इंकार कर दिया। कंपनी ने इसकी शिकायत पुलिस में की। पुलिस ने सिटी न्यू वीटा एनक्लेव निवासी शिविंदर पाल सिंह, सिटी पटेल रोड स्थित हरि मंदिर निवासी आदर्श भारती और सिटी काजीवाड़ा निवासी मोहित के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ब्याज सहित निगम को लौटाया 36 लाख

तीन कर्मचारी कस्टमर के 30 लाख लेकर भाग गए। कस्टमर को किसी तरह की दिक्कत न हो, इसलिए कंपनी ने बिजली निगम का पैसा ब्याज सहित 36 लाख अदा कर दिया है। अशोक कुमार, डायरेक्टर, ई-पे कंपनी पानीपत।

आरोपी जल्द होंगे गिरफ्तार

पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। जल्द ही आरोपियों को काबू कर लिया जाएगा। इसके लिए पुलिस ने जाल बिछा दिया है। -सुरेश दलाल, सब इंस्पेक्टर, बलदेव नगर थाना, अम्बाला

खबरें और भी हैं...