पंचायत की जमीन से कब्जा छुड़वाकर लगाए 2500 पौधे
पानीपत| डाडोला वासियों ने पंचायती जमीन से कब्जा छुड़वाकर 2500 पौधे लगा दिए हैं। इसकी जानकारी देने के लिए ग्रामीण भाजपा जिला अध्यक्ष प्रमोद विज के पास पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस पहुंचे। सरपंच ललिता के जेठ दीपक राणा ने बताया कि गांव की पंचायत की 100 किला जमीन पर कब्जा है। भाजपा नेताओं के प्रयास से इनमें से 17 किला जमीन से कब्जा हटाया गया है। ग्रामीणों ने उसमें से 10 एकड़ पर पौधे लगाए हैं। साथ ही जोहड़ को कब्जा कर बनाए गए 21 घर भी हटाए गए हैं। ग्रामीणों ने कहा कि कुछ लोग कब्जा कर गांव की खूबसूरती बिगाड़ रहे हैं। दीपक ने कहा कि 35 अन्य मकान के कब्जे भी हटाए जाएंगे, जिसकी निशानदेही हो चुकी है। इस मौके पर रोहताश राणा, परशुराम, नरेश कुमार, संदीप और सतबीर सिंह मौजूद रहे।
राजकीय स्कूल से दो सोलर पैनल चोरी
मतलौडा|रेरकलां के राजकीय सीनियर सेकंडरी स्कूल की प्राइमरी विंग की छत से सोलर के दो पैनल चोरी कर लिए गए। स्कूल प्रिंसीपल सोमबीर सिंह की शिकायत पर बोहली चौकी पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। यह पेनल अप्रैल में लगाए गए थे। प्रिंसीपल ने पुलिस को बताया कि 16 मई की रात को यह चोरी किए गए है। स्कूल में तैनात हवासिंह चौकीदार ने रात 2 बजे ही स्कूल के अध्यापक धर्मबीर को सूचना दी कि किसी ने पैनेल चोरी कर लिया है।
यमुना में पानी की मांग को लेकर भूख हड़ताल पर बैठे संत को दिया समर्थन
सनौली| यमुना नदी में पानी लाने की मांग को लेकर यमुना बार्डर पुल पर हनुमान मंदिर में अन्न त्याग कर अनशन पर बैठे महंत सील गिरी माहाराज को यमुना सुधार समिति के लोगों ने समर्थन दिया। यमुना सुधार समिति के प्रदेशाध्यक्ष रतन सिंह रावल व हनुमान मंदिर के महंत दिवाली गिरी माहाराज, चंदन गिरी महाराज छाजपुर सहित कई साधु अपने शिष्यों सहित जुट चुके हैं। महंत सील गिरी महाराज ने बताया कि यमुना में पानी की मांग को लेकर अनशन शुरू किया है। जब तक यमुना में पानी नहीं आएगा तब तक अन्न ग्रहण नहीं करेगें और अनशन जारी रखेगें। उनके अनशन पर बैठने पर उनके साथ अन्य अखाड़ों से भी महंत उनके साथ आने लगे हैं।
हैंडलूम एवं हैंडीक्राफ्ट के पूर्व निदेशक सुनील ढींगड़ा का निधन
पानीपत| हरियाणा हैंडलूम एवं हैंडीक्राफ्ट के पूर्व निदेशक सुनील ढींगड़ा का निधन हो गया। सेक्टर-24 में रहने वाले ढींगड़ा 57 वर्ष के थे। शुक्रवार को हार्ट अटैक से उनका निधन हुआ। सेक्टर-12 निवासी उनके छोटे बेटे सुनील हैंडलूम के मालिक सतीश ढींगड़ा ने बताया कि हरियाणा विकास पार्टी में सिटी अध्यक्ष रह चुके थे। बाद में सरकार बनने पर डायरेक्टर बनाए गए। उनके परिवार में प|ी के अलावा बेटा व बहू हैं।
युवती को भगा ले जाने का आरोप, केस
समालखा| शहर के वार्ड 5 से एक युवती संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। काफी तलाश करने के बाद युवती का पता नहीं चल सका। आरोप है कि कालीरमन पाना का एक युवक युवती को बहला फुसलाकर ले गया। मामले की लिखित शिकायत पुलिस को दी। पुलिस को दी शिकायत में युवती के परिजनों ने बताया कि उसकी बेटी खाना खाकर रात को सो गई थी। रात करीब डेढ़ बजे उसकी आंख खुली तो देखा कि उसकी बेटी कमरे में नहीं थी। आरोप है कि उसकी बेटी को कालीरमन पाना का सोनू भगा कर ले गया है। जांचकर्मी सब इंस्पेक्टर राजपाल ने बताया कि पीड़ित के पिता के बयान पर कालीरमन पाना के सोनू के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
सीएम के मीडिया सलाहकार राजीव जैन ने हर संभव मदद दिलवाने का भरोसा दिलाया
पानीपत|पत्रकार बलराज सैनी के आकस्मिक निधन पर शुक्रवार को उनके बत्रा कालोनी स्थित निवास पर जाकर हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहरलाल के मीडिया सलाहकार राजीव जैन, हरियाणा भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष कविता चौधरी, जिला अध्यक्ष प्रमोद विज, जिला महामंत्री राममेहर मलिक, संजीव कुमार, अमित जैन, सुनील सोनी और पार्षद हरीश शर्मा ने शोक जताया। कहा कि पत्रकार समाज का अभिन्न अंग होते हैं। जो कठिन परिस्थितियों में भी अपने दायित्व का निर्वहन करते हैं। सरकार की ओर से उनके परिवार को हर सम्भव सहायता दिलवाने का भरोसा दिलाया।