पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Haryana
  • Panipat
  • शिकायत के 12 दिन तक भी पुलिस ने नहीं की कार्रवाई तो व्यापारियों ने बंद किया बाजार

शिकायत के 12 दिन तक भी पुलिस ने नहीं की कार्रवाई तो व्यापारियों ने बंद किया बाजार

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
कलंदर चौक बाजार में पिछले साल व्यापारी से मारपीट व लूटपाट केस में फंसे रिटायर्ड एएसआई के बेटे अब गवाह को जान से मारने की धमकी देने के आरोप में भी फंस गए हैं। 4 मई को बेटे ने गवाह के भाई की दुकान पर आकर धमकी दी थी। पुलिस में शिकायत दी तो 12 दिन तक पुलिस टरकाती रही। विरोध में शुक्रवार को व्यापारियों ने बाजार बंद कर दिए। मौके पर विधायक रोहिता रेवड़ी व डीएसपी राजेश लोहान मौके पर पहुंचे। व्यापारियों ने नारेबाजी की और गुंडागर्दी नहीं चलेगी के नारे लगाए। विधायक के उचित कार्रवाई के आश्वासन देने पर व्यापारी मान गए। सुबह से दोपहर डेढ़ बजे तक बाजार बंद रहा।

नई सब्जी मंडी के अनिल सेठी ने बताया कि उनकी कलंदर चौक बाजार में फ्रूट की दुकान है। पास में ही उसके भाई अरुण सेठी की मेडिकल की दुकान है। 16 मार्च 2017 को दुकान के छज्जा के विवाद पर 4 लोगों ने पड़ोसी विशाल स्टोर के मालिक राजिन्द्र कुमार के साथ मारपीट की थी। उसकी चेन भी छीन ली थी। राजिन्द्र ने रिटायर्ड एएसआई रणजीत सिंह के बेटे रमन उर्फ रिम्मी, उसके भाई रवि, टिंकू लाला व सन्नी गांधी के खिलाफ आईपीसी की धारा 323, 379बी, 506, 34 के तहत केस दर्ज कराया था। इस मामले में अनिल सेठी मौके का गवाह था।

विधायक के आश्वासन के बाद व्यापारियों ने कलंदर चौक बाजार की दुकानें खोली

सेठी का आरोप-शिकायत की तो एएसआई ने उल्टा ही केस दर्ज करने की धमकी दी

अनिल सेठी का आरोप है कि 4 मई को उसका भाई अरुण दुकान पर बैठा था, तभी रिम्मी वहां आया। उनसे धमकी दी कि भाई को कोर्ट में गवाही देने से रोक लेना, नहीं तो जान से मार देंगे। दूसरे दिन किला थाने में आरोपी के खिलाफ शिकायत दी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। शिकायत को डीएसपी के पास भेज दिया। वहां पर भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। आरोप है कि एएसआई ने उल्टे ही केस दर्ज करने की धमकी दी। गुरुवार को डीएसपी के पास गए तो पुलिस ने लिखवा लिया शुक्रवार को आरोपी माफी मांग लेगा। कोई कार्रवाई नहीं हुई तो व्यापारियों ने बाजार बंद कर दिया।

एसएचओ ने समझाया, पर नहीं माने- विधायक पहुंची, डीएसपी को निर्देश

अनिल ने बताया कि कलंदर चौक बाजार, राधा कृष्णा बाजार, प्रताप बाजार व खेल बाजार बंद रहा। सूचना पर किला थाना एसएचओ नरेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने व्यापारियों से समझाइश की, लेकिन व्यापारी नहीं माने। इस पर वे चले गए। बाद में विधायक पहुंची। कार्रवाई के लिए डीएसपी को निर्देश दिए। किला थाना एसएचओ नरेंद्र कुमार ने बताया कि आरोपी रिम्मी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच कर रहे हैं। अनिल पक्ष ही बार-बार लिखित में समय मांग रहा था। कार्रवाई नहीं करने के सभी आरोपी झूठे हैं।

पानीपत. कलंदर दरगाह के पास गुस्साए दुकानदारों ने बंद की दुकानें। वहीं थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह व्यापारियों को समझाने पहुंचे।

खबरें और भी हैं...