पानीपत. अंसल स्थित बीपीएल फ्लैट में रहने वाले 7 दिन से बिजली न आने से परेशान
भास्कर न्यूज | पानीपत
सेस्टर- 19 स्थित अंसल हाउसिंग बोर्ड में रहने वाले 35 परिवारों की रात पिछले सात दिन से अंधेेरे में बीत रही है। शुक्रवार को इन परिवारों की महिलाओं ने डीसी को शिकायत पत्र दे बिजली दिलवाने की मांग की थी। डीसी ने बिजली निगम को निर्देश दिए थे कि बिजली आपूर्ति शुरू की जाए। निगम अधिकारी ने शाम पांच बजे तक लाइट जोड़ देने का भरोसा दिलाया था बावजूद इसके आपूर्ति नहीं की गई। हाउसिंग बोर्ड में करीब 700 घर हैं। करीब 300 अलॉट हो चुके हैं। वर्तमान में 35 परिवार यहां रह रहे हैं। हर महीने मेंटीनेंस के नाम पर अंसल के कर्मचारी 150 रुपये प्रति घर से वसूलते हैं। इसके बाद भी सुविधाओं के नाम पर खानापूर्ति ही की जा रही है। यहां की स्ट्रीट लाइट खराब हैं। सात दिन पहले हाउसिंग बोर्ड की लाइट काट दी गई। वह अंसल बिजली निगम की लाइट कहकर पल्ला झाड़ लेते हैं। बिजली निगम के अधिकारी बिल्डर पर करीब छह लाख की बकाएदारी की कहकर टाल देते हैं। हाउसिंग बोर्ड की रहने वाली विजय लक्ष्मी ने बताया कि शुक्रवार को वह डीसी सुमेधा कटारिया से मिली थीं। डीसी ने मामले काे गंभीरता से लेते हुए बिजली निगम के अधिकारी को लाइट जाेड़ने के निर्देश दिए। निगम के अधिकारी ने पांच बजे तक लाइट जोड़ने का भरोसा दिलाया। इसके बाद भी देर रात तक लाइट नहीं जोड़ा गया है।