पानीपत| असंध रोड फ्लाईओवर के नीचे किसान भवन के पास गुरुवार शाम को बदमाश एक्टिवा का लॉक खोलकर सवा दो लाख रुपए कैश चोरी करके ले गए। पीड़ित युवक ने पुलिस को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। मॉडल टाउन के गांधी कॉलोनी के मनीष ने बताया कि उसने अपने जानकार से दोस्त विक्की को सवा दो लाख रुपए दिलाए थे।
गुरुवार शाम को वह विक्की से रुपए लेकर घर आ गया। मां घर के बाहर कुर्सी डालकर बैठी थी तो मनीष ने रुपए एक्टिवा की डिग्गी में ही रख दिए। खाना खाकर वह जानकार को रुपए लौटाने के लिए जाने लगा। किसान भवन के पास उसके दोस्त मिल गए। उसने स्कूटी चाय की रेहड़ी के पास खड़ी कर दी और दोस्तों से बातचीत करने लगा। थोड़ी देर बाद जानकार को रुपए देने के लिए गीता कॉलोनी पहुंचा तो चाबी से एक्टिवा की डिग्गी नहीं खुली। थोड़ी प्रयास करने के बाद डिग्गी खुली, लेकिन उसमें रुपए नहीं निकले। मनीष का कहना है कि अज्ञात लोगों ने किसान भवन के पास ही डिग्गी खोलकर सवा दो लाख रुपए चोरी कर लिए। मनीष ने आसपास की दुकानों के सीसीटीवी कैमरे देखे हैं, लेकिन उसमें एक्टिवा नजर नहीं आ रही है।