बच्चों को ट्रैफिक रूल्स सिखाने के लिए बनाया गया ट्रैफिक पार्क सुनसान पड़ा है। पांच साल पहले लाखों रुपए खर्च कर ढाई एकड़ में इस पार्क का निर्माण सेक्टर- छह स्थित देवी लाल पार्क के अंदर कराया गया था। 17 नवम्बर 2003 में देवीलाल पार्क का शुभारंभ तत्कालीन मुख्यमंंत्री ओम प्रकाश चौटाला ने किया था। सितम्बर 2013 में इस पार्क में काबड़ी रोड की तरफ 2.5 एकड़ में चिल्ड्रन ट्रैफिक पार्क का शुभारंभ किया था। इसमें स्कूल, कैफे, म्यूजियम, एयरपोर्ट और पेट्रोल पंप की डमी बनाई गई थी। इस पार्क में चार ट्रैफिक सिग्नल भी लगे हैं। मकसद था कि आसपास कॉलोनियों में रहने वाले बच्चे जब पार्क में आए तो उन्हें यातायात के नियमों की जानकारी मिल सके।
ये लगाए गए हैं ट्रैफिक रूल्स की जानकारी के लिए : ट्रैफिक पार्क में जेबा क्रॉसिंग, ट्रैफिक सिग्नल्स, रिफलेक्टर, साइन बोर्ड, रोड ट्रैक, येलो लाइन, यू टर्न सहित ट्रैफिक रूल्स से जुड़ी सभी जानकारी दी गई हैं। यहां सड़क सुरक्षा से संबंधित संदेशों को डिस्प्ले किया गया। यू- टर्न, सी टर्न, टी प्वाइंट भी बनाए गए। संकेतात्मक, आदेशात्मक, सूचनात्मक साइन बोर्ड भी लगाए गए। ताकि बच्चे नियमों के बारे में पूरी जानकारी प्राप्त कर सकें।
सितंबर 2013 में देवीलाल पार्क में 2.5 एकड़ में चिल्ड्रन ट्रैफिक पार्क का किया था शुभारंभ
पानीपत. देवी लाल पार्क में बनाया गया ट्रैफिक पार्क। यहां पर संकेतात्मक, आदेशात्मक, सूचनात्मक साइन बोर्ड भी लगाए गए हैं, ताकि बच्चे नियमों के बारे में पूरी जानकारी प्राप्त कर सकें। फोटो | भास्कर
बच्चे ही नहीं पहुंचते पार्क में
देवीलाल पार्क का माहौल नशेबाजों और प्रेमी जोड़ों ने बिगाड़ कर रख दिया है। इस कारण पार्क में लोग अपने परिवार को छोड़ो बच्चों को भी भेजना पसंद नहीं करते हैं। इस कारण ट्रैफिक पार्क की दुर्दशा होती जा रही है। अगर पार्क में झूले और फूड शॉप्स खुलवा दी जाए। शराबियों और प्रेमी जोड़ाें पर लगाम लगा दी जाएं तो बच्चे पार्क में पहुंचना शुरू हो जाएंगे।
परिवहन विभाग करता है खानापूर्ति
सेक्टर- 6 के सचिव अशोक नारंग का कहना है कि परिवहन विभाग के अधिकारी कभी- कभी ड्राइविंग लाइसेंस का टेस्ट लेने के लिए पहुंचते थे। वह लिखा- पढ़ी कर खानापूर्ति कर वापस चले जाते हैं। पार्क के कोने में बने होने के कारण बच्चे असुरक्षित महसूस करते हैं। पुलिस फोर्स भी तैनात रहता है। अगर सरकारी स्कूल के प्रधानाचार्य बच्चों को यहां लाकर ट्रैफिक रूल्स की जानकारी दें तो भी इस पार्क का मकसद सफल हो जाएगा। इसके लिए वह अपने स्तर से प्रयास करेंगे।
सोमवार और शुक्रवार को लेते हैं ड्राइविंग टेस्ट
एसडीएम विकास चौधरी का कहना है कि लाइट मोटर व्हीकल के स्थाई लाइसेंस के लिए ट्रैफिक पार्क में हर सोमवार और शुक्रवार को टेस्ट लिया जाता है। इस दौरान आवेदक को यातायात के चिह्नों और टर्न की जानकारी दी जाती है। यातायात के नियमों की जानकारी भी दी जाती है। उन्होंने कहा लोगों को भी यातायात के नियमों के प्रति जागरूक होना चाहिए।