थाना बापौली क्षेत्र के गांव गढ़ी भल्लौर में शुक्रवार देररात पुलिस ने गो-तस्करों को काबू करने की कोशिश की तो तस्करों ने पत्थर फेंकना शुरू कर दिया। पुलिस ने जबावी कार्रवाई करते हुए गोलियां चलाई तो तस्कर भाग निकले।
सीआईए-टू प्रभारी इंस्पेक्टर योगेश कटारिया ने बताया कि पुलिस टीम गांव गढ़ी भल्लौर के पास चेकिंग कर रही थी। इस दौरान एक पिकअप गाड़ी बापौली की तरफ से आती दिखाई दी। टीम ने गाड़ी को रोकने का इशारा किया तो चालक ने गाड़ी को खोजकीपुर गांव की तरफ मोड़ दिया। टीम ने गाड़ी का पीछा करना शुरू कर दिया। यह देख पिकअप में पीछे बैठे आरोपियों ने टीम ने पत्थर बरसाना शुरू कर दिया। यह देख टीम ने जवाबी कार्रवाई कर दो राउंड फायरिंग कर डाली। कंट्रोल रूम पर सूचित कर नाकाबंदी करवा दी लेकिन गो-तस्कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए कच्चे रास्ते पर चले गए। वहां से यमुना नदी से होते हुए यूपी की तरफ भाग गए।
एसपी के आदेश पर कार्रवाई
पिछले दिनों क्राइम मीटिंग के दौरान एसपी संगीता कालिया ने सभी पर्यवेक्षण अधिकारियों, प्रबंधक थाना, इंचार्ज चौकी व सीआईए के सभी इंचार्जों को निर्देश दिए थे कि गो- तस्करों पर काबू करें। ताकि गो हत्या को रोका जा सका। गो- तस्कर गोली चलाएं तो पुलिस जवाबी कार्रवाई में गोली चलाए। इंस्पेक्टर योगेश कटारिया का कहना है कि एसपी के आदेश के चलते टीम देर रात यमुना नदी के किनारे बने गांवों में चेकिंग कर रही है।