बस स्टैंड के पास कार में लिफ्ट देकर दो बदमाशों ने 84 साल के बुजुर्ग से अंगूठी व कैश लूट लिया। बुजुर्ग ने सिटी थाने में अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कराया है। गोहाना के पुरानी सब्जी मंडी रोड मुगलपुरा के रहने वाले प्रताप ने पुलिस को शिकायत दी कि वह 18 मई सुबह 10 बजे गोहना से पुंडरी गांव के लिए निकला था। पानीपत बस स्टैंड पर उतरने के बाद वह पुल के नीचे बस का इंतजार कर रहा था। तभी दो युवक अाए। उन्होंने उसको सड़क पार करवाने में मदद की और पूछा कि कहां जाना है। उन्हें पुंडरी जाने की बात कही तो दोनों बोले हम भी वहीं जा रहे हैं, छोड़ देंगे। बुजुर्ग ने कहा कि बस में उसका आधा किराया लगता है तो आरोपी बोले कि हम भी आधा किराया ही लेंगे। आरोपियों ने बुजुर्ग को कार में बैठा लिया और थोड़ा चलते ही उन्होंने जबरन हाथ से अंगूठी उतार ली और जेब से 400 रुपए निकाल लिए। आरोपियों ने बुजुर्ग की तलाशी ली और टोल प्लाजा के पास उसको कार से उतारकर भाग गए।
वाहन में लिफ्ट देकर लोगों को लूटने की घटनाएं लगातार सामने आ रही है। इस तरह का गिरोह पिछले दिनों से काफी सक्रिय है। 3 से 4 की संख्या में रहने वाले ये बदमाश सवारी बनकर वाहन में बैठे रहते हैं, जिससे लोगों को ड्राइवर पर भरोसा हो जाता है। फिर सुनसान जगह पर लूटपाट करते हैं। इससे बचने के लिए आपको थोड़ा जागरूक होने की जरूरत है। आप बिना जांच के वाहन में नहीं बैठे।