पानीपत | घूंघट प्रथा को खत्म करने की शुरुआत रविवार को भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने गांव करहंस से की। कहा कि 90 प्रतिशत महिलाएं घूंघट प्रथा से मुक्ति चाहती हैं। इस संदर्भ में महिला मोर्चा ग्रामीण समालखा की अध्यक्ष बबीता के घर बैठक का आयोजन किया। उन्होंने कहा कि जब महिलाएं घू्ंघट के पीछे रहेंगी तो कैसे होगा महिला सशक्तीकरण। वह पुरुषों के बराबर में कैसे आ सकेगी। गुप्ता ने कहा कि घूंघट प्रथा को खत्म करने के लिए उन्होंने बीड़ा उठाया है। शुरुआत करहंस से की है। उन्होंने इस प्रथा से कैसे मुक्ति दिलाई जाए इस पर चर्चा की तो सभी महिलाओं ने सहमति जताई, लेकिन पहल कौन करेगा इसके लिए कोई आगे नहीं आना चाहती है। इसके लिए उन्होंने गांव के बुजुर्गों से बात कर इसका हल निकालने का फैसला लिया।