पासिंग आउट परेड से पहले शनिवार को रिहर्सल करते जवान।
पानीपत | हरियाणा पुलिस में रविवार को 273 बीटेक, 15 एमटेक समेत 4225 युवा कॉन्स्टेबल बनेंगे। खास बात ये है कि यह राज्य में पुलिस कॉन्स्टेबलों का सबसे अधिक पढ़ा-लिखा बैच है। इनमें एमफिल, एमबीए, एमसीए डिग्रीधारी भी शामिल हैं। इनकी शुरुआती सैलरी 22,400 रुपए होगी। करनाल के मधुबन पुलिस कांप्लेक्स में 84वें बैच की पासिंग आउट परेड होगी। इसमें सीएम मनोहर लाल भी मौजूद रहेंगे। फुल ड्रेस रिहर्सल के बाद जवानों ने कहा कि वे सेवा, सुरक्षा और सहयोग का ध्येय वाक्य पूरा करने की कोशिश करेंगे।
करनाल के मधुबन पुलिस काॅम्प्लेक्स में पासिंग आउट परेड के बाद 4,225 जवानों को मिलेगी पोस्टिंग
273 बीटेक, 15 हैं एमटेक
2 जवान एमफिल, 15 एमटेक, 16 एमसीए, 36 एमबीए, 33 एमएससी, 38 एमकॉम, 103 एमए, 273 बीटेक, 51 बीसीए, 3 एलएलबी, 434 बीएससी, 215 बीकॉम, 844 बीए, 23 डिप्लोमा होल्डर, 65 बारहवीं के साथ जेबीटी, 2-2 जवान आई टीआई और पालिटेक्निक व 2028 बारहवीं पास हैं।
छवि सुधारने के लिए होगा प्रयास
एमफिल पासआउट अशोक कुमार पीएचडी कर रहे हैं। उनका कहना है कि शैक्षणिक अनुभव की बदौलत पहली प्राथमिकता पुलिस की सकारात्मक छवि निर्माण की रहेगी। काम और व्यवहार से कोशिश सेवा, सुरक्षा और सहयोग के मूलमंत्र को साकार करने की रहेगी।
जवान बोले- कुछ करूंगा ऐसा कि थाने में आने से ना डरें लोग
अंग्रेजी से एमफिल कर रहे जवान सोहन ने बताया कि पुलिस की निगेटिव इमेज तोड़ने की कोशिश करूंगा। ताकि लोग थाने में आने से डरें न बल्कि पुलिस को सहयोगी मानें। पब्लिक-पुलिस के बीच के कम्यूनिकेशन गैप को खत्म करने का प्रयास करूंगा।
तालमेल और अच्छा व्यवहार प्राथमिकता
अंग्रेजी से एमफिल पासआउट और पीएचडी कर रहे जवान कुलदीप का कहना है कि अच्छा व्यवहार ही पहली प्राथमिकता होगी। एजुकेशन का फायदा पुलिस के साथ-साथ जनता तक भी पहुंचाएंगे।
बेहतर इनवेस्टिगेशन में होगा शिक्षा का उपयोग
एमटेक पासआउट जवान बलवान का कहना है कि मेरी एजुकेशन का फायदा पुलिस और जनता दोनों को होगा। कोशिश करेंगे कि नई-नई तकनीक में अपना ज्ञान बढ़ाकर इनवेस्टिगेशन में हेल्प करें।
कम्यूनिकेशन गैप को खत्म करूंगा
एमकॉम, बीएड पासआउट कुलदीप कहते हैं कि वह पुलिस और पब्लिक के बीच कम्यूनिकेशन गैप को खत्म करेंगे। उस माइंड सेट को तोड़ेंगे जो आम जनता के मन में पुलिस की निगेटिव छवि बनाती है।