अंसल हाउसिंग बोर्ड में रहने वाले 35 परिवार 10 दिन से अंधेरे में हैं। शिकायत पर डीसी ने बिजली निगम को बिजली देने और पुलिस को सुरक्षा देने का आदेश दिया है। हालांकि अभी तक समस्या का समाधान नहीं हो सका है।
चोरों ने फिर से 200 मीटर तार चोरी कर लिया है। दो महीने में यह छठी चोरी है। बोर्ड में करीब 465 फ्लैट बने हैं। इसमें से अभी तक सिर्फ 35 परिवार ही वहां रहने पहुंचे हैं। वह परिवार भी शुरू से ही बिजली की समस्या का सामना कर रहे हैं। विनोद कुमार, नरेश कुमार वर्मा, विजय लक्ष्मी, विजय शर्मा, दीपक शर्मा, शीला, नेहा का कहना है कि अंसल प्रबंधन उनसे हर महीने मेंटीनेंस चार्ज वसूल रहा है। पानी का बिल भी अंसल प्रबंधन ले रहा है लेकिन बिजली नहीं दे रहा है। जबकि उनके क्षेत्र में बिजली की लाइन डाल दी गई।
ट्रांसफार्मर भी रखवा दिया गया है लेकिन कनेक्शन नहीं जोड़ रहा है। बिजली निगम के एसडीओ ने इस बारे में बताया कि तीन ब्लॉक का करीब छह लाख रुपए बकाया हैं। इसके चलते ब्लॉक के पीछे गांव अजीजुलापुर है। करीब 2000 मीटर तार डाल कर बिजली की व्यवस्था की। इसका दो सौ मीटर का टुकड़ा दो महीने में छह बार चोरी कर लिया है।
बच्चे नहीं पढ़ पा रहे
लोगों का कहना है कि आठ दिन पहले चोरों ने तार चोरी कर लिया। बिना बिजली कैसे जीवन यापन करें। काफी समस्या का सामना करना पड़ रहा है। बच्चे नहीं पढ़ पा रहे हैं। रात में मच्छर जीना मुहाल कर देते हैं। कोई सुनवाई नहीं हो रही है। ऐसे में किससे शिकायत करें समझ नहीं आ रहा है।
बिजली जोड़ने पहुंचे कर्मचारी
डीसी सुमेधा कटारिया से शिकायत की थी। उन्होंने शिकायत को गंभीरता से लिया। तत्काल ही बिजली निगम के एसडीओ को बिजली की व्यवस्था करने और सिटी पुलिस को तार चोरों को पकड़ने के आदेश दिए। शुक्रवार को तीन कर्मचारी बिजली जोड़ने पहुंच गए लेकिन तार न होने के कारण लौट गए।