पानसेमल | नगर परिषद नगर के विभिन्न वार्डों में सफाई अभियान चलाकर चोक नालियों की सफाई करा रही है। ताकि बारिश में चोक नालियों का गंदा पानी सड़कों पर न बहे। बल्कि नालियों के माध्यम से आसानी से बह सके। सफाई अभियान में नप से सफाईकर्मियों सहित कर्मचारी भी श्रमदान कर सफाई अभियान को सफल बना रहे हैं।
नप सीएमओ माया मंडलोई ने बताया स्वच्छता सर्वेक्षण 2018 के तहत एक जनवरी से ही नगर में लगातार सफाई अभियान चल रहा है। कर्मचारियों की मेहनत व नगर के लोगों की मदद से पानसेमल नगर परिषद का 794वां नंबर लगा है। जो जिले में सबसे आगे हैं। वर्तमान में बारिश पूर्व नालियों की सफाई कराई जा रही है। ताकि बारिश में नालियां चोक होने के नौबत न बन सके। सीएमओ ने बताया जल्द ही नप अध्यक्ष व पार्षदों के माध्यम से नगर के लोगों को डस्टबिन का वितरण किया जाएगा। उन्होंने कहा नगर में सफाई अभियान लगातार जारी रहेगा। डोर टू डोर कचरा वाहन रोजाना सभी क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों के घरों से कचरा एकत्र कर रहा है।
नालियों से गाद निकालते नप सफाई कर्मचारी।
सार्वजनिक स्थलों पर लगाए डस्टबिन
सीएमओ ने बताया कि नगर के सार्वजनिक स्थलों पर 50से ज्यादा डस्टबिन लगाए हैं। इसमें बाजार, पार्क, मुख्य सड़क के किनारे सहित अन्य सार्वजनिक स्थानों पर डस्टबिन लगाए गए हैं। साथ ही लोगों को भी कचरा डस्टबिन में डालने के लिए जागरूक कर प्रेरित किया गया है। अब ज्यादा तक क्षेत्रों में लोग सार्वजनिक स्थानों पर डस्टबिन में कचरा डालने लगे हैं। डोर टू डोर कचरा वाहन से सभी डस्टबिन से कचरा एकत्र किया जा रहा है।