पांवटा में एचआरटीसी का सब डिपाे व रामलीला मैदान के लिए दिए 20 लाख
सिटी रिपोर्टर | पांवटा साहिब
हिमाचल को एक मजबूत और जीवंत राज्य बनाने की सोच है। वर्तमान राज्य सरकार ने अपने कार्यकाल के 100 दिनों में राज्य के चहुंमुखी विकास के लिए कई नई योजनाओं की पहल की है। यह बात सीएम जयराम ठाकुर ने पांवटा साहिब में भारी जनसमूह को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि राज्य में पिछली सरकार के कार्यकाल के दौरान कानून व व्यवस्था बूरी तरह चरमरा गई थी व नियंत्रण से बाहर हो चुकी थी।
‘गुड़िया’ व ‘होशियार सिंह’ प्रकरणों ने राज्य की छवि को कलंकित कर दिया। पूर्व सरकार थके-हारे व सेवानिवृत्त लोगों द्वारा चलाई जा रही थी। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार के समक्ष सबसे बड़ी चुनौती राज्य में प्रभावी कानून व व्यवस्था को सुनिश्चित बनाना था। ताकि प्रत्येक व्यक्ति शांति से जी सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वह पिछले 20 से अधिक वर्षों से विधानसभा में हैं और विधान पटल पर 20 बजट देख चुके हैं। 21वां बजट उन्होंने प्रस्तुत किया। जिसे प्रत्येक व्यक्ति द्वारा सराहा गया। उन्होंने कहा कि सरकार ने 100 दिनों के लिए लक्ष्य निर्धारित किए थे। लगभग सभी लक्ष्यों को हासिल कर लिया गया है। सीएम ने कहा कि वर्तमान सरकार पहले दिन से ही सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ कार्य कर रही है। सीएम जयराम ठाकुर ने बाता नदी पर 18.72 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित पुल का लोकार्पण किया। उन्होंने पुरुवाला में विद्युत उपमंडल खोलने, पांवटा साहिब में एचआरटीसी का सब-डिपो खोलने व रामलीला मैदान के लिए 20 लाख स्वीकृत करने, हिमुडा कॉलोनी पार्क के लिए 15 लाख रुपए व पांवटा साहिब में गुरु गोबिंद सिंह पार्क के लिए 10 लाख रुपए की घोषणा की। उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पुरुवाला और जामनीवाला में विज्ञान की कक्षाएं आरंभ करने और राजकीय माध्यमिक पाठशाला मंजौर, देवरा और अजोली कोलार में वाणिज्य कक्षाएं आरंभ करने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने खीरपुर, भूतपूर्व व खोडीमाजरा में पशु औषद्यालय खोलने, क्षेत्र के लिए 25 ट्यूबवैल व पांवटा में लोक निर्माण विभाग के कनिष्ठ अभियंता के कार्यालय के निर्माण की भी घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि यमुनानदी पर पुल के निर्माण संबंधी मामले को भारत सरकार से उठाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने 3.19 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड भवन का लोकार्पण भी किया।
पांवटा में जनसभा को संबोधित करते मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर।
बस स्टैंड भवन की रखी आधारशिला | उन्होंने पांवटा साहिब में पांच करोड़ रुपए की लागत से निर्मित होने वाले बस स्टैंड भवन की आधारशिला भी रखी। इस अवसर पर जिला सिरमौर तथा अन्य क्षेत्रों के विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक एवं कल्याणकारी संगठनों, किसान एवं युवा मोर्चे ने मुख्यमंत्री को सम्मानित किया। इस मौके पर शहरी विकास मंत्री सरवीण चौधरी, विधायक सुरेश कश्यप, पूर्व विधायक बलदेव तोमर व फ तहे सिंह, भाजपा नेता चंद्रमोहन ठाकुर व बलबीर चौहान भी अन्यों सहित इस अवसर पर उपस्थित थे।
केंद्र में फिर आएंगे सत्ता में
सांसद वीरेंद्र कश्यप ने कहा कि राज्य सरकार का नेतृत्व कर्मठ, गतिशील और ईमानदार मुख्यमंत्री द्वारा किया जा रहा है। उन्होंने गत 100 दिनों में सराहनीय कार्य पूर्ण किए हैं। उन्होंने कहा कि पांवटा विधानसभा का प्रतिनिधित्व एक कर्मठ नेता द्वारा किया जा रहा है। उन्होंने समाज से भ्रष्टाचार समाप्त करने के लिए लोगों से केंद्र में मोदी सरकार का दिल से समर्थन करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि लोगों के सहयोग व समर्थन से भाजपा एक बार पुन: केंद्र में सरकार बनाएगी, क्योंकि केन्द्र सरकार द्वारा आर भ की गई सभी योजनाएं गरीब लोगों से जुड़ी हैं।
कांग्रेस के समय थमी थी रफ्तार
विधायक सुखराम चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री ने सिरमौर के लोगों को करोड़ों रुपए की विकासात्मक परियोजनाओं की सौगात दी हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व सरकार के कार्यकाल के दौरान विकास की गति थम गई थी। उन्होंने कहा कि बाता नदी पर पुल की आधारशिला पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल के दौरान रखी गई थी और मुख्यमंत्री ने इसका लोकार्पण किया। भाजपा मंडलाध्यक्ष देवेंद्र चौधरी ने इस अवसर पर मुख्यमंत्री तथा अन्य गणमान्य व्यक्तियों का स्वागत किया।