बेहतर काम करने वाले अधिकारी, कर्मचारी सम्मानित
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने लोगों का आह्वान किया कि प्रदेश के स्वच्छ पर्यावरण, शुद्ध जल एवं वायु को संरक्षित रखने का प्रण हिमाचल दिवस के अवसर पर लें, ताकि हिमाचल के साथ-साथ पूरे देश का समग्र एवं सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सकें। उन्होंने कहा कि हाल ही में प्रदेश विधानसभा में जल संरक्षण पर सारगर्भित चर्चा की गई। डॉ. बिंदल यहां ऐतिहासिक ठोडो मैदान में आयोजित जिला स्तरीय हिमाचल दिवस समारोह की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने इस अवसर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया व पुलिस, गृह रक्षा, एनसीसी, एनएसएस एवं विभिन्न स्कूली छात्रों द्वारा आयोजित मार्चपास्ट की सलामी ली। उप पुलिस निरीक्षण नारायण सिंह ने परेड का नेतृत्व किया। डॉ. बिंदल ने इससे पूर्व कृतज्ञ प्रदेशवासियों की ओर से शहीद स्मारक चंबाघाट में शहीदों को भावभीनी पुष्पाजंलि अर्पित की।
डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि देश व प्रदेश ‘सबका साथ, सबका विकास’ की मूल भावना के साथ आगे बढ़ रहा है। हिमाचल प्रदेश में नई सरकार का गठन हुआ है। नई ऊर्जा के साथ समग्र एवं समाज के सभी वर्गों के विकास के लिए नई योजनाएं कार्यान्वित की जा रही हैं। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आग्रह किया कि कल्याणकारी योजनाओं को लक्षित वर्गों तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि लोगों के सहयोग पर ही योजनाओं एवं कार्यक्रमों की सफलता निर्भर करती है। सभी के सहयोग से वर्ष 2022 तक हिमाचल प्रदेश को तपेदिक मुक्त बनाया जाएगा। डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि प्रदेश के राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने जीरो बजट आधारित कृषि का मूलमंत्र प्रदान किया है। इसे अपनाकर हिमाचल प्रदेश का किसान न केवल अपनी आर्थिकी को मजबूत बना सकता है बल्कि जैविक खेती को व्यापक बढ़ावा भी दे सकता है। उन्होंने इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों एवं अन्य को सम्मानित किया। इस अवसर पर रंगारंग सांस्कृति कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया गया।
ठोडो मैदान में आयोजित जिलास्तरीय हिमाचल दिवस समारोह में विधानसभा अध्यक्ष डॉ राजीब बिंदल के साथ गर्ल्स सीसे स्कूल सोलन की छात्राएं।
ये रहे मौजूद
सांसद प्रो. वीरेंद्र कश्यप, राज्य खादी बोर्ड के उपाध्यक्ष पुरूषोत्तम गुलेरिया, प्रदेश भाजपा सचिव रतन सिंह पाल, जिला भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष पवन गुप्ता, राज्य भाजपा प्रवक्ता रितु सेठी, जिला परिषद सदस्य शीला, नगर परिषद सोलन के अध्यक्ष देवेंद्र ठाकुर, उपाध्यक्ष मीरा आनंद, पार्षदगण, डीसी विनोद कुमार, एसपी सोलन मोहित चावला समेत अन्य मौजूद रहे।
मरीजों को फल वितरित कर मनाया हिमाचल दिवस
पांवटा साहिब | सिविल अस्पताल पांवटा साहिब के सिटी स्कैन डिपोर्टमेंट (कृष्णा डायग्नोस्टिक्स प्राइवेट लिमिटेड) ने रविवार को हिमाचल दिवस धूमधाम से मनाया। इस अवसर पर अस्पताल के सीनियर मेडिकल ऑफिसर डा. संजीव सहगल ने मरीजों को फल वितरित किए। कंपनी के अधिकारी पल्लवी जैन ने बताया कि प्रदेश के अस्पतालों में 12 सिटी सैंटर स्थापित हैं। इन सैंटरों में बीपीएल और आरएसबी, वार्ड मरीजों का मुफ्त सिटी स्कैन किया जाता है। इस मौके पर कंपनी के अधिकारी अमोल रावत, संजीव सलयानी, जोबी जौसफ, सुभजीत, सुबाना, सुकन्या, नरेश कुमार, सुनील कुमार सहित अन्य मौजूद रहे।
बहादुरी के लिए 8 पुलिस कर्मी, बेहतर स्वास्थ्य
सेवा के लिए सर्जन डॉ. विनोद कपिल सम्मानित
सोलन : 71वां हिमाचल दिवस समारोह पूरे प्रदेश के साथ सोलन में मनाया गया। प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने समारोह की अध्यक्षता की। उन्होंने इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया।
इन्हें मिला सम्मानित : डॉ. बिंदल ने स्वास्थ्य सेवाओं में विशेष योगदान के लिए ईएसआई अस्पताल परवाणू में तैनात आई सर्जन डॉ. विनोद कपिल को उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मानित किया। इस अवसर पर बहादुरी, अदम्य साहस व नेतृत्व क्षमता एवं सराहनीय कार्य के लिए 8 पुलिस कर्मियों को सम्मानित किया। इनमें उपनिरीक्षक पुलिस कुलदीप सिंह को परवाणू में 3 अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए, मुख्य आरक्षी चमन लाल, आरक्षी अली मोह म्मद व आरक्षी पवन कुमार, सोलन को दो महीने के अंदर 16 उद्घोषित अपराधियों को बाहरी राज्यों से पकडऩे के लिए, आरक्षी कमल कुमार सोलन को राष्ट्रीय राजमार्ग पर बेहतर यातायात प्रबंधन सेवाओं के लिए, गृह रक्षक नरेंद्र कुमार व यशपाल सोलन को चोरी के अपराधी को पकडऩे के लिए और आरक्षी यादविंद्र सिंह सुरक्षा शाखा सोलन को नशीले पदार्थों को पकड़ने की दिशा में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए सम्मानित किया गया।
आंगनबाड़ी के नौनिहालों की जनरल नॉलेज कमाल की: जिला स्तरीय समारोह में विभिन्न स्कूली बच्चों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां एवं प्रश्नोत्तरी से सभी का मन मोह लिया। सोलन विकास खंड की ग्राम पंचायत देवठी के चवाल, भियुंत व शतल आंगनबाड़ी केद्रों के बच्चों ने प्रश्नोत्तरी की सुंदर प्रस्तुति दी। इस कार्यक्रम में भारती, सीमा, अंजली, मंजली, महक, जियाणा, आरव, लक्ष्य, अलिशा व जानकी ने प्रश्नोत्तरी के माध्यम से आंगनबाड़ी केद्रों में दिए जा रहे ज्ञान की जानकारी दी। आंगनबाड़ी के बच्चों ने सीडीपीओ से लेकर भारत के राष्ट्रपति तक के नाम बताए। साथ ही चारों वेद, खिलाड़ियों व अंतरिक्ष वैज्ञानिकों के नाम बता कर तालियां बटोरी। डॉ. बिंदल ने बच्चों की प्रतिभा को प्रोत्साहित किया और पांच हजार रुपए बच्चों को देने की घोषणा की। उन्होंने मार्चपास्ट में भाग लेने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले बच्चों को भी सम्मानित किया। इस अवसर पर बीएल सेंट्रल स्कूल, आईटीआई, गल्र्ज सीसे स्कूल, ब्वॉयज सीसे स्कूल, गीता आदर्श विद्यालय, दयानंद आदर्श विद्यालय, फन एंड लर्न स्कूल, गुरूकुल इंटरनेशनल स्कूल व एसडी स्कूल सोलन के छात्रों ने प्रस्तुतियां दीं।