पांवटा साहिब में धूमधाम से मनायी भगवान परशुराम की जयंती
पांवटा साहिब | पांवटा साहिब में भगवान परशुराम का जन्मोत्सव बड़े ही धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर जगह-जगह प्रभात फेरियां व मूर्ति प्रतिष्ठा के कार्यक्रम के साथ-साथ भक्तों ने पूजा अर्चना कर सुख शांति की कामना की।
बद्रीपुर में बुधवार सुबह प्रभात फेरी के साथ परशुराम जन्मोत्सव कार्यक्रम हुआ। ब्राह्मण सभा पांवटा साहिब की ओर से कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सुबह 6 बजे भगवान परशुराम चौक पर समाज के विभिन्न वर्गों के लोग एकत्रित हुए और यहां से पूरे नगर में भगवान परशुराम की प्रतिमा का भ्रमण करवाया गया। उसके बाद बद्रीपुर स्थित शिवमंदिर में 7 बजे से 9.30 बजे तक गायत्री जप, हवन व प्रसाद वितरण का कार्यक्रम आयोजित किया गया। ब्राह्मण सभा की पांवटा साहिब इकाई के संयोजक मदन शर्मा, अध्यक्ष अजय शर्मा, कार्यकारी अध्यक्ष अश्वनी शर्मा, बिंदु शर्मा, मोहन लाल शर्मा, रामलाल शर्मा, जीवन जोशी, संजय भारद्वाज, सुभाष शर्मा, नंदलाल शर्मा आदि उपस्थित थे।
इसके अलावा गिरिपार क्षेत्र के दुगाना में भगवान परशुराम जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। भगवान परशुराम के मंदिर का भव्य निर्माण हुआ है। मंदिर में दर्शनों के लिए भक्तों की कतारें लगती है।
गिरिपार के ही मस्तभोज के माशू गांव में भी इस बार भगवान परशुराम जन्मोत्सव की धूम रही। मंदिर जीर्णोद्धार के बाद यहां पर पहला कार्यक्रम था।