ददाहूवासियों ने विस अध्यक्ष बिंदल को सौंपा सात सूत्रीय मांग पत्र
रेणुका जी | सिटी रिपोर्टर | रेणुकाजी
हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल ने कहा कि जिला सिरमौर में 18 ऐतिहासिक धरोहरों को पर्यटन की दृष्टि से चिन्हित किया गया है। इसे टूरिज्म सर्कट से जोडऩे के लिए मुख्यमंत्री से आग्रह किया गया है।
यह बात उन्होंने भगवान परशुराम जयंती अवसर अक्षय तृतीया को तीर्थ श्री रेणुकाजी में भाग लेेने के बाद पत्रकारों से प्रेस वार्ता के दौरान कही। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि जिला सिरमौर के माता बाला सुंदरी, श्री रेणुका, माता भंगाइनी हरिपुरधार, गुरू की नगरी पांवटा साहिब, पीच वैली राजगढ़ इत्यादि क्षेत्र ऐतिहासिक तथा पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। जिन्हें टूरिज्म सर्कट से जोड़नेे के लिए सर्वप्रथम राष्ट्रीय उच्च मार्गों से जोडऩे के लिए डीपीआर तैयार करने का कार्य शुरू कर दिया गया है।
प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष राजीव बिंदल के रेणुकाजी के दौरे के दौरान ददाहू पंचायत के प्रतिनिधिमंडल ने उपप्रधान पंकज गर्ग की अध्यक्षता में मुलाकात कर 7 सूत्रीय ददाहू क्षेत्र की प्रमुख मांगों को रखा। जिसमें यहां पर खंड विकास कार्यालय खोलने, ददाहू में तहसील कल्याण कार्यालय, ददाहू में हाल में ही खुले डिग्री कॉलेज में कक्षाएं शुरू करवाने की मांग के अलावा ददाहू में हॉस्पिटल में डाक्टरों के रिक्त पदों को भरने तथा ददाहू में पेयजल समस्या को दूर करने की मांगें रखी गई हैं।