पुनर्भरण राशि नहीं मिलने से निजी स्कूलों के प्रबंधकों ने जताया रोष
बांसवाड़ा। गैर सरकारी शिक्षण संस्थान संगठन जिला कार्यकारिणी की शुक्रवार को आयोजित बैठक में माध्यमिक शिक्षा विभाग में आरटीई के तहत प्रवेशित छात्रों की पुनर्भरण राशि नहीं मिलने पर रोष जताया गया।
परतापुर के नोबल सैकंडरी स्कूल में जिलाध्यक्ष तरुण त्रिवेदी की अध्यक्षता में हुई बैठक में निजी स्कूलों की स्वायत्तता बढ़ाने की मांग भी जोरशोर से उठाई गई। इसके अलावा नवीन मान्यता एवं क्रमोन्नत के लिए आवेदन करने वाले स्कूलों को समय पर मान्यता दिलाने पर चर्चा हुई। मुख्य अतिथि आरके अय्यर और विशिष्ट अतिथि निरंजन त्रिवेदी व परेश पंड्या ने भी विचार व्यक्त किए। संगठन के सह सचिव कुलदीप आमेटा ने बताया कि बैठक में नए सत्र में सदस्यता अभियान चलाने और सितंबर-अक्टूबर में संगठन के चुनाव करवाने पर भी सहमति हुई।
इस दौरान सदस्यों ने राज्य सरकार द्वारा निजी स्कूलों के साथ किए जा रहे सौतेले व्यवहार को अभिभावकों को बताने पर भी जोर दिया। बैठक में रजनीश उपाध्याय को सर्वसम्मति से संगठन के गढ़ी ब्लॉक का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया। इस दौरान जिला उपाध्यक्ष अमरसिंह, शाहिद खां, जगदीश चौहान, दिलीप पंचाल, दीपाली रोकड़िया, विपिन भट्ट, अरविंद मेहता, जयदीप पुरोहित, दिग्विजयसिंह, योगेश पंड्या, यतिन भट्ट भी उपस्थित थे। आभार हिम्मतसिंह ने व्यक्त किया।