डाक पार्सल लिखे कंटेनर में पशु आहार के नीचे रखी विदेशी शराब जब्त
क्राइम रिपोर्टर | पटना/खुसरुपुर
हरियाणा से पशु आहार के नीचे डाक पार्सल लिखे कंटेनर से खुसरुपुर के बैकटपुर मंदिर के पास पहुंची करीब 45 लाख की विदेशी शराब की बड़ी खेप को पुलिस ने जब्त किया। साथ ही शराब के धंधे से जुड़े लाइनर शशिकांत पांडा को मौके से गिरफ्तार किया। बैकटपुर का रहने वाला शशिकांत मंदिर का पुजारी भी है। अंधेरे का फायदा उठाकर कंटेनर आरजे 02 जीए- 8817 का चालक फरार हो गया। शराब तस्कर का सरगना कच्ची दरगाह का रहने वाला वीर राय है। सोमवार की देर रात हुई कार्रवाई के बाद से वीर फरार है। 30 कार्टन में 1560 बोतल व 55 कार्टन में 1320 बोतल रॉयल स्टैग की शराब थी। जब्त शराब की कीमत करीब 45 लाख है। कंटेनर का रजिस्ट्रेशन प्रियंका लॉजिस्टिक्स के नाम से है। इसका निबंधन राजस्थान के अलवर डीटीओ से हुआ है। इस वाहन का इंश्योरेंस फेल बताया जाता है। पुलिस ने कंटेनर और एक कारोबारी की बाइक जब्त की है।