एसएसपी सस्पेंड; आवास से मिले अवैध हथियार
मुजफ्फरपुर में दूसरे दिन भी एसवीयू के छापे
भास्कर न्यूज | पटना /मुजफ्फरपुर
आय से अधिक संपत्ति के मामले में छापेमारी के बाद राज्य सरकार ने मुजफ्फरपुर के एसएसपी विवेक कुमार को निलंबित कर दिया है। मुजफ्फरपुर के एसपी उपेंद्र नाथ वर्मा को एसएसपी का भी प्रभार दिया गया है। विवेक पर भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम 1988 के तहत विशेष निगरानी इकाई द्वारा मुकदमा दायर करने का बाद निलंबित किया गया है।
गृह आरक्षी विभाग के अपर सचिव रंजन कुमार सिन्हा ने इस मामले में आदेश जारी कर दिया। निलंबन अवधि में विवेक का मुख्यालय महानिदेशक सह समादेष्टा, गृह रक्षा वाहिनी व अग्निशमन सेवाएं का कार्यालय होगा। इधर, एसएसपी आवास में ही स्थित सर्विलांस शाखा से अवैध हथियार मिले हैं। अवैध हथियार मिलने के बाद सर्विलांस शाखा के प्रभारी व दो कर्मचारी को हिरासत में लिया गया है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
वहीं यूपी के मुजफ्फरनगर में विवेक कुमार की ससुराल से स्पेशल विजिलेंस यूनिट (एसवीयू)की टीम को लॉकर की पांच चाबी मिली है। ससुरालियों के बैंक अकाउंट व एफडी के कागजातों का सत्यापन किया जा रहा है। सहारनपुर पैतृक आवास से भी प्रॉपर्टी के कागजात मिले हैं। एसवीयू की टीम 32 घंटे से लगातार एसएसपी आवास की नाकेबंदी कर छापेमारी कर रही है। मंगलवार अहले सुबह पुलिस लाइन से तीन मामलों की फाइलें टीम ने मंगाई। साथ ही नगर थाने से तीन हथकड़ियां भी एसएसपी आवास पर मंगाई गईं।
पोस्टिंग की फाइलें खंगाल रही
एसवीयू की टीम : एसवीयू की टीम ने पुलिस लाइन से सरकारी वाहनों के रख-रखाव पर होने वाले खर्च, ईंधन आपूर्ति व्यय, सिपाही से लेकर इंस्पेक्टर तक की ट्रांसफर-पोस्टिंग और विभागीय कार्यवाही से जुड़ी फाइलें मंगाई हैं। लाइन बाबू से भी टीम ने काफी देर तक फाइलों के संदर्भ में पूछताछ की। बताया गया कि आय से अधिक संपत्ति अर्जित किन स्रोतों से एसएसपी विवेक कुमार ने की, इसका साक्ष्य एसवीयू की टीम इन फाइलों में खोज रही है। इसके अलावा अकाउंट से जुड़े मामलों को भी खंगाला जा रहा है। जमीन कब्जा से जुड़े एक दर्जन से अधिक कांडों में एसएसपी द्वारा जारी की गई रिपोर्ट-2 को भी एसवीयू की टीम देख रही है।