सर्राफा कारोबारी से 1.32 करोड़ रुपए और 4.5 किलो सोना लूटा
कोडरमा घाटी में शनिवार रात चार अपराधियों ने पटना के सर्राफा कारोबारी राजेश कुमार से 1.32 करोड़ रुपए और 4.5 किलो सोना लूट लिया। अपराधी उनकी गाड़ी और ड्राइवर को भी साथ ले गए। रविवार सुबह नौ बजे कारोबारी ने कोडरमा पुलिस को इसकी सूचना दी।
पटना के फुलवारी शरीफ निवासी राजेश कुमार ने पुलिस को बताया कि वह कोयंबटूर जाने के लिए अपनी क्रेटा गाड़ी (बीआर 01 सीवाई 5713) से शनिवार शाम 4:30 बजे पटना से निकले थे। बिहार शरीफ से एक और ड्राइवर को लिया। रात करीब 9:30 बजे कोडरमा घाटी में बागीटांड से डेढ़ किमी पहले सफेद रंग की बोलेरो ने ओवरटेक कर उनकी गाड़ी रुकवाई। हथियार दिखाकर तीन अपराधी गाड़ी में बैठ गए जबकि चौथा बोलेरो लेकर तिलैया की ओर चला गया। अपराधियों ने पहले एक ड्राइवर को उतारा, कुछ दूर जाकर उन्हें भी गाड़ी से उतार दिया और रुपए व सोना सहित गाड़ी लेकर बिहार की ओर फरार हो गए।
राजेश कुमार
मंदिर में रात बिताई, सुबह पहले रजौली, फिर कोडरमा थाना पहुंचे
उन्हाेंने बताया कि करीब आठ किमी पैदल चलकर वह लठबहिया मंदिर के पास पहुंचे। वहीं रात बिताई। सुबह करीब पांच बजे वह रजौली थाना पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच करने के बाद बताया कि घटनास्थल कोडरमा थाना क्षेत्र में है। इसके बाद वह सुबह नौ बजे कोडरमा थाना पहुंचे। उन्होंने कहा कि जिस ड्राइवर को अपराधियों ने रास्ते में उतारा था, उसका कोई अता-पता नहीं है।
चांदी का जेवर खरीदने के लिए ले जा रहे थे पैसे : राजेश ने बताया कि वह पटना में सर्राफा दुकानों के आॅर्डर पर जेवरात पहुंचाने का काम करता है। 1.32 करोड़ रुपए से उसे चांदी के जेवरात खरीदने थे। जबकि सोना दुकानदारों से लेकर आभूषण बनवाने जा रहे थे।
एसपी ने कहा-मामला संदेहास्पद
एसपी शिवानी तिवारी ने बताया कि कारोबारी की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। लेकिन मामला संदेहास्पद लग रहा है।