चक्कर आने, ब्लड प्रेशर और शुगर में उतार-चढ़ाव की शिकायत के बाद शनिवार को राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद को इलाज के लिए आईजीआईएमएस लाया गया। व्हील चेयर पर करीब साढ़े दस बजे आईजीआईएमएस पहुंचे लालू प्रसाद की डाक्टरों ने गहन जांच की। आईजीआईएमएस के मेडिकल सुपरिटेंडेंट मनीष मंडल ने बताया कि राजद अध्यक्ष करीब डेढ़ घंटे अस्पताल में रहे, इस दौरान कार्डियोलॉजी, नेफ्रोलॉजी, यूरोलॉजी, आर्थो के डाॅक्टरों ने उनके स्वास्थ्य की जांच की। उनका ईको, ईसीजी और गर्दन का एक्सरे किया गया। साथ ही जांच के लिए कुछ ब्लड सैंपल भी लिए गए हैं। उन्होंने बताया कि रिपोर्ट सोमवार को आएगी। मनीष मंडल ने बताया कि दवाओं में कुछ फेरबदल नहीं किया गया है। सिर्फ चक्कर और दर्द की दवा दी गई है। इधर, विधायक भोला यादव ने बताया कि लालू प्रसाद हृदय रोग के इलाज के लिए मंगलवार को मुंबई के एशियन हॉर्ट इंस्टीट्यूट जाएंगे, जहां तीन साल पहले उनका आपरेशन हुआ था। एशियन हार्ट इंस्टीट्यूट के डाक्टर से अप्वाइंटमेंट ले लिया गया है। उसके बाद वे किडनी के इलाज के लिए बेंगलुरू जाएंगे। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार शनिवार को सुबह सोकर उठने के बाद बेचैनी, सीने में दर्द, सांस फूलने और चक्कर आने की शिकायत के बाद फैमिली फिजिशियन डा. एस के सिन्हा उनकी जांच की। जांच में उनका शुगर लेवल बढ़ा हुआ पाया गया।