जिसको आगे बढ़ाइये, वही बिगाड़ने लगता है, चंद्रगुप्त और चाणक्य से सीखनी चाहिए : सीएम
पॉलिटिकल रिपोर्टर| पटना
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा- जिसको आगे बढ़ाइये, वही बिगाड़ने लगता है। महान चंद्रगुप्त और आचार्य चाणक्य से लोगों को सीखनी चाहिए। चाणक्य ने चंद्रगुप्त का चयन किया तो उसका चंद्रगुप्त ने सदैव मान भी रखा। चाणक्य के मन के खिलाफ उन्होंने कभी कुछ नहीं किया। बिहार का गौरवशाली इतिहास हमारी विरासत है और विरासत हमारी सकारात्मकता पर आधारित है। हमारी सरकार इतिहास को संजोने में लगी हुई है। वे सोमवार को यहां सम्राट अशोक कंवेंशन सेंटर में निर्मित सभ्यता द्वार, सम्राट अशोक की प्रतिमा और अशोक स्तंभ के लोकार्पण अवसर पर संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा- सभ्यता द्वार एक संकेत है। सम्राट अशोक की प्रतिमा चंड अशोक से धम्म अशोक बनने की पहचान है। उन्होंने बिहार में नए बनने वाले विशिष्ट ( आईकोनिक ) भवनों का जिक्र करते हुए कहा कि वे सभी पर्यटकों को काफी आकर्षित कर रहे हैं। हमारी सरकार कई विशिष्ट भवनों का निर्माण कर चुकी है और कई का निर्माण कर रही है।