ब्लाॅक कांग्रेस कार्यालय का उद्घाटन रविवार को कांग्रेस के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सुरेश मोदी ने किया। कस्बे के कोटपूतली रोड पर नवनिर्मित ब्लॉक कांग्रेस कार्यालय के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मोदी ने राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा और कहा कि भाजपा सरकार के साढ़े चार साल के कार्यकाल में जनता के पैसे की लूट के सिवाय कोई काम नहीं हुआ। केवल सहकारी बैंकों के डिफाल्टर ऋणी सदस्यों का कर्जा माफ करने के नाम पर सरकार किसानों से धोखा कर रही है। क्योंकि सहकारी बैंक प्रतिवर्ष पुराने लोन को जमा कर नया लोन दे देते हैं। इससे किसान डिफाल्टर हो ही नहीं पाते और न ही वाणिज्यिक बैंकों से कर्जा लिए हुए किसानों को कर्जा माफ किया जा रहा है।
मोदी ने कर्नाटक में कांग्रेस के समर्थन से बनने वाली सरकार को लोकतंत्र की जीत बताया। ब्लाॅक अध्यक्ष कांताप्रसाद शर्मा ने समारोह में आए कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर पार्टी को मजबूत करने की बात कही। कार्यालय का उद्घाटन पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष हजारीलाल यादव ने किया। कार्यक्रम को पूर्व उपप्रधान रामशरण गुर्जर, मालाराम काचरेड़ा, सरपंच संघ अध्यक्ष श्रीराम यादव, सुमित मोदी, कमल सैनी, एसबीसी मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष फूलचंद खटाणा, कैलाश यादव, जगदीश यादव समेत वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने संबोधित किया।