उद्योग बचाओ, नगर बचाओ समिति लाई भाजपा पार्षदों के खिलाफ निंदा प्रस्ताव
सारनी| पिछले तीन महीने से नगर बचाओ, उद्योग बचाओ संघर्ष समिति अभियान चला रही है। रणनीति तय करने मंगलवार को सारनी में समिति की बैठक हुई। समिति के प्रस्ताव को नपा ने परिषद के सम्मेलन में रखा। भाजपा के 22 पार्षदों ने इसे खारिज कर दिया। जनसामान्य से चर्चा कर भाजपा पार्षदों के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित किया गया। सारनी, पाथाखेड़ा क्षेत्र में बेरोजगारी बढ़ रही है। सारनी को तहसील बनाकर कार्यालय स्थापित करने, खदानें और प्लांट की नई इकाइयां शुरू करने की मांग उद्योग बचाओ, नगर बचाओ संघर्ष समिति कर रही है। समिति के संयोजक स्वतंत्रता संग्राम सेनानी कृष्णा मोदी ने बताया भाजपा पार्षद शहर का विकास नहीं चाहते या तो उन्हें इससे कोई सरोकार नहीं है। भाजपा पार्षदों की जन विरोधी नीति के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित किया गया। आगामी रणनीति के लिए लगातार लोगों से संपर्क कर समिति बैठकें लेंगी।