बीएमएस के आल इंडिया कोयला प्रभारी डॉ. बसंत राय ने दी जानकारी
भास्कर संवाददाता | सारनी
पाथाखेड़ा क्षेत्र में कोयला खदान खोलने को लेकर चल रहा विरोधाभास सामने आ रहा है। इन सबके बीच बीएमएस के आल इंडिया कोयला प्रभारी डॉ. बसंत राय ने स्पष्ट कर दिया है कि पाथाखेड़ा में तीन और कन्हान क्षेत्र में एक कोयला खदान खोले जाने की तैयारी पूरी कर ली है। उन्होंने कहा दिल्ली में 22 मई को खदानें खोले जाने की तैयारियों को लेकर अंतिम बैठक होगी।
बीएमएस के ऑल इंडिया कोयला प्रभारी डॉ. बसंत राय ने बताया पाथाखेड़ा क्षेत्र में गांधीग्राम शक्तिगढ़ और तवा 3 खदान खोलने के लिए लगभग सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। इसे लेकर दो दौर की बैठक भी हो चुकी हैं। अंतिम दौर की बैठक 22 मई को दिल्ली में होगी। इस बैठक के बाद यहां खदानें खुलने की पूरी उम्मीद है। डॉ. राय ने बताया इस क्षेत्र में पर्याप्त मात्रा में कोयला है। कोयला गहराई पर होने की वजह से खदान खोलने में डब्ल्यूसीएल प्रबंधन को परेशानी का सामना हुआ है।
शोभापुर खदान बंद होगी सारनी से होगा उत्पादन
पाथाखेड़ा क्षेत्र में खदानें बंद होने की सूचनाओं काे भी उन्होंने सिरे से खारिज किया। आने वाले वर्ष में शोभापुर खदान बंद हो जाएगी। डॉ. राय ने बताया सारनी माइंस को बंद करने की तैयारी की जा रही थी, लेकिन इसके दो सेक्शन मिल जाने के कारण इन खदान की आयु 8 से 10 वर्ष बढ़ गई है।