जिले के लोगों को अगला पूरा हफ्ता तेज गर्मी का सामना करना पड़ेगा। मौसम विभाग ने 2 दिन बाद अधिकतम तापमान 40 का आंकड़ा पार होने की संभावना जताई है। हालांकि इस दौरान आसमान में हलके बादल छाए रहेंगे, लेकिन धूल भरी आंधी से तपिश बढ़ेगी। वहीं शनिवार मई का सबसे गर्म दिन रहा। इस दौरान सुबह 11 बजे ही तापमान 35 डिग्री और दोपहर 3 बजे तक 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं शाम 4 बजे तेज धूल भरी आंधी चली लेकिन मौसम के तेवर नहीं बदले। शाम होते-होते अधिकतम तापमान 38.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका था वहीं शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहा।
शहर में शनिवार को दिन में धूल भरी आंधी चलने से सड़कें सुनसान हो गईं। हालांकि जल्द ही मौसम साफ हो गया।
30 जून से 5 जुलाई तक पंजाब में पहुंचेगा मॉनसून
मौसम विभाग के अनुसार पंजाब में मॉनसून 30 जून से 5 जुलाई तक एंटर होगा। पिछले साल पूरा जून बारिश में बीता, मौसम विभाग के डायरेक्टर सुरिन्द्र पाल का कहना है कि अच्छे मॉनसून के लिए कम दबाव और ज्यादा तापमान जरूरी है। इस बार अच्छी बारिश की उम्मीद है, उससे पहले पंजाब में प्री-मॉनसून की फुहारों से भी मौसम बीच-बीच में ठंडा रहेगा।
दिन में छाए बादल, फिर चली धूल भरी आंधी | विभाग के मुताबिक उत्तर-पश्चिमी पाकिस्तान में बने कमजोर वेस्टर्न डिस्टरबेंस के चलते दिन में बादल छाए, लेकिन बाद दोपहर तेज गर्मी रही। मौसम विभाग द्वारा जारी फॉरकास्टिंग के अनुसार रविवार को बादल छाए रहेंगे लेकिन पारा 40 डिग्री और 23 डिग्री बना रहेगा। इसके अलावा सोमवार और मंगलवार को अधिकतम तापमान 41 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचेगा। मौसम विभाग के मुताबिक पिछले सालों का मई में एवरेज दिन का पारा 40.2 और रात का पारा 23.9 डिग्री रहता है। लेकिन इस बार अभी तक एवरेज 37-38 डिग्री ही पारा रिकॉर्ड हुआ है। लगातार वेस्टर्न डिस्टरबेंस बन रहा है, जिससे बादल छाने, हवाएं चलने और बारिश से तापमान बढ़ नहीं पाया।