- Hindi News
- National
- निगम ने अधूरी सड़कों के निर्माण के लिए मांगे 1.92 करोड़, मिले सिर्फ 83.68 लाख
निगम ने अधूरी सड़कों के निर्माण के लिए मांगे 1.92 करोड़, मिले सिर्फ 83.68 लाख
कांग्रेस सरकार को आए एक साल बीत चुका है, लेकिन शहर की सड़कों के निर्माण के लिए निगम को फंड नहीं मिल रहा है। निगम ने शहर में सड़कों का काम पूरा करने को सरकार से 1 करोड़ 92 लाख 84 हजार रुपए मांगा था, लेकिन उसमें से सिर्फ 83 लाख 68 हजार ही जारी हुए हैं। उनमें शहर की मेन सड़कों को छोड़कर नए शामिल एरिया की सड़कों के काम होंगे। दूसरी तरफ इंप्रूवमेंट ट्रस्ट अमृतसर-पठानकोट-कुल्लू रोड (एपीके) और सैली रोड पर पैच लगाकर फिलहाल काम चला रहा है।
खानपुर रोड का पैच वर्क उखड़ा, बने गड्ढे
निगम ने छह महीने पहले खानपुर रोड पर पैच वर्क लगाकर गड्ढ़ों को भर दिया था, लेकिन पैच वर्क उखड़ने के बाद फिर से गड्ढ़े बन गए हैं। वार्ड नं.2 के पार्षद बलविंद्र कुमार बिल्ला, दुकानदार नरिंद्र कुमार ने बताया कि छह महीने पहले पैच वर्क करवाया था, लेकिन अब फिर सड़क पर गड्ढ़े बन गए हैं। सड़क बनाने को कई बार निगम अधिकारियों को कहा गया है, लेकिन फंड नहीं होने की बात कर अधिकारी पल्ला झाड़ देते हैं।
पटेल चौक के पास इंप्रूवमेंट ट्रस्ट द्वारा सड़क पर करवाया जा रहा पैच वर्क। (दाएं) खानपुर रोड पर पैच वर्क उखड़ने के बाद बने गड्ढ़ों से गुजरते वाहन।
कांग्रेस ने वापस मंगवा लिया था अकाली-भाजपा के समय मिला फंड
निगम ने पोस्ट आफिस चौक रोड, ताया पकौड़े वाला रोड, लाइट वाला चौक के सामने और सोनू रिपेयर, चांद रिपेयर वाली गली के लिए 7.93 लाख, वार्ड नं.14 में विभिन्न सड़कों में बीएम व पीसी वर्क के लिए 10.59 लाख, वार्ड नं.3 में गुरुद्वारा वाली गली में बीएम व पीसी वर्क के लिए 15.51 लाख, वार्ड नं.17 में डा. सुनेजा टर्न से कृष्णा मेडिकल स्टोर में 50 एमएम बीएम व 20 एमएम पीसी वर्क के लिए 13.13 लाख, वार्ड नं.4 में वेयर हाउस रोड पर बीएम व पीसी वर्क को 9.60 लाख, वार्ड नं.18 में सड़कों के लिए 23.68 लाख रुपए मांगे गए थे, लेकिन सरकार से एक रुपए तक जारी नहीं किया गया है। बता दें कि पूर्व अकाली-भाजपा सरकार के समय पंजाब अर्बन डेवलपमेंट बोर्ड (पीआईडीबी) के तहत इन सड़कों के टेंडर के बाद फंड आया था लेकिन सरकार बदलने पर काम रुक गया और पीआईडीबी का फंड वापिस मंगवा लिया गया। एक साल बाद सरकार ने अधूरे काम कंपलीट करने के लिए निगमों से रिपोर्ट मांगी थी जिसके आधार पर फंड जारी किए जाने हैं।
एक साल बाद इन सड़कों के लिए आया फंड | धारीवाल फिरनी से लाडोचक्क वाया लाडोचक्क डिस्पेंसरी रोड के निर्माण को सरकार ने 26.77 लाख, वार्ड नं.50 के बहलोलपुर, पेपर फैक्टरी समेत सड़कों के निर्माण को 37.11 लाख रुपए में से 10 लाख जारी किए गए हैं. इसी तरह से वार्ड नं.26 के शहीद उधम सिंह नगर शाह कालोनी में सड़कों के निर्माण को 48.49 लाख में से 46.90 लाख रुपए जारी हो सके हैं।
पैच वर्क लगा ट्रस्ट चला रहा काम | इंप्रूवमेंट ट्रस्ट के पास फंड की कमी के चलते एपीके रोड का काम पूरा नहीं हो सका है। अब ट्रस्ट के पास फंड नहीं है तो पैच वर्क कराया जा रहा है। बता दें कि लाइफलाइन कही जाने वाली एपीके रोड के निर्माण का 8 नवंबर 2016 में को 1.31 करोड़ का टैंडर हुआ था। रेलवे स्टेशन वाली साइड की एक किलोमीटर सड़क को बनाया था कि नवंबर 2016 में कोड आफ कंडक्ट लगने के बाद काम बंद करवा दिया। ट्रस्ट के एसडीओ हरमीत सिंह का कहना है कि सैली रोड और एपीके रोड पर पैच का काम शुरू कराया गया है। फंड की व्यवस्था होने पर सड़क का काम भी कंपलीट करवाया जाएगा। उधर, मेयर अनिल वासुदेव का कहना है कि सरकार ने सड़कों के निर्माण को फंड रिलीज नहीं किया है। पैच वर्क का एस्टीमेट बनाने को कहा है, जिन सड़कों की पैच की जरूरत है, वहां पैच वर्क करवाया जाएगा।