निगम में लेटलतीफों और जल्दी खिसकने वालों पर शिकंजा
नगर निगम कर्मचारियों की हाजिरी अब बायोमेट्रिक से लगेगी। इससे लेट आने वाले कर्मियों पर नकेल कसी जाएगी। कर्मचारी बाज नहीं आए तो उनकी तनख्वाह भी काटी जा सकती है। जो शाम को ड्यूटी ऑफ के समय से पहले दफ्तर को अलविदा कह देते हैं, उन्हें भी तय समय तक रोका जा सकेगा। निगम के कर्मचारी फिलहाल रजिस्टर में ही हाजिरी लगा रहे थे। नगर निगम की ज्वाइंट कमिश्नर निधि कलोत्रा का कहना है कि आफिस में बायोमेट्रिक मशीन लग गई है जिससे निगम के कार्यालय में आने वाले सभी कर्मचारियों की हाजिरी इसी मशीन में लगेगी। नगर निगम में मौजूदा समय में करीब 250 कर्मचारी हैं जिनमें से करीब 198 कर्मचारियों की हाजिरी नगर निगम के कार्यालय में ही लगती है। बायोमेट्रिक मशीन लगने के बाद इन कर्मचारियों की हाजिरी रजिस्टर की बजाय मशीन में लगेगी। अगर कोई कर्मचारी देर से आता या जल्दी दफ्तर से जाता पाया गया तो उसकी सैलरी भी काटी जाएगी।
दफ्तरों में लगी बायोमीट्रिक मशीन, सभी को होना पड़ेगा समय का पाबंद, नहीं तो कटेगी सैलरी
सफाई कर्मचारियों की हाजिरी के लिए पुराना तरीका
अधिकारियों का कहना है कि शहर में करीब 10 जगह सफाई कर्मियों की हाजिरी लगती है। हर प्वाइंट पर मशीन लगाने के लिए निगम के पास बजट नहीं है। इसलिए यहां सुपरवाइजर ही रजिस्टर में हाजिरी लगाएंगे। जो कर्मचारी बाहर रहकर सफाई करते हैं और आफिस में कभी कभार ही आना होता है। उनकी हाजिरी पहले की तरह ही लगेगी। बायोमीट्रिक से सिर्फ उन्हीं कर्मियों की हाजिरी लगेगी जो रोजाना दफ्तर में आते हैं और मशीन में अंगुलियों के निशान स्टोर हैं।
निगम कमिश्नर के कमरे के बाहर हाजिरी के लिए लगाई गई बायोमेट्रिक मशीन।
लगातार लेट आने वाले किए जाएंगे गैरहाजिर
नगर निगम के जो कर्मचारी आफिस में लेट आते हैं और समय से पहले चले भी जाते हैं। अब उन्हें भी समय का पाबंद होना पड़ेगा, बायो मीट्रिक मशीन से पता चल जाएगा कि कौन-सा कर्मचारी लेटलतीफ और किसे समय से पहले घर जाने की जल्दी रहती है। लगातार देर से आने वाले कर्मियों को गैरहाजिर किया जाएगा। दफ्तर में कर्मियों की अंगुलियों के निशान मशीन में स्टोर हो चुके हैं, जिसके निशान लिए जाएंगे वही हाजिरी लगा सकता है। ऐसे में लेट आने वाले और जल्दी घर जाने वाले कर्मियों पर शिकंजा कसेगा।