पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • थानों की नई हदबंदी से करना पड़ सकता है राजनीतिक गतिरोध का सामना

थानों की नई हदबंदी से करना पड़ सकता है राजनीतिक गतिरोध का सामना

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
पुलिस थानों की नए सिरे से की गई हदबंदी से लोगों ने राहत महसूस की है, वहीं जिले में एक विधानसभा हल्के के इलाके दूसरे हल्के के पुलिस थानों के तहत आ गए हैं, जिससे राजनीतिक गतिरोध का सामना करना पड़ सकता है। भोआ के विधायक जोगिंद्र पाल का सुंदरचक्क का दफ्तर पहले कानवां थाने में था, जो उनका ही विधानसभा हल्का भी था। अब यह सुजानपुर थाने से जोड़ दिया गया है। इसी प्रकार सुजानपुर हल्के के गांव लमीनी, खानपुर, मामून पठानकोट के एमएलए के प्रभाव वाले सिटी के थानों से जुड़ गए हैं। नई हदबंदी से सुजानपुर और भोआ विधानसभा हल्कों में नेताओं में अहम टकराने के आसार भी बन गए हैं।

विधायकों को एक-दूसरे से करानी पड़ेगी सिफारिश
सरकार द्वारा जिले के थानों की नई नोटिफिकेशन में नंगलभूर नया थाना बनाया गया है जबकि कानवां पुलिस थाना खत्म कर दिया गया है। कानवां के गांवों को सदर और सुजानपुर पुलिस थानों में जोड़ा गया है। भोआ के विधायक जोगिंद्र पाल का कांग्रेसी दफ्तर सुंदरचक्क अड्डा में है। पहले यह कानवां थाना में पड़ता था। नई हदबंदी में अब सुजानपुर विधानसभा हल्के के सुजानपुर थाना से सुंदरचक्क अड्डा जोड़ दिया है। उसके साथ के गांव शेरपुर, कलेसर, गतौरा समेत कई गांव सुजानपुर से जोड़े गए हैं, जहां पर कांग्रेस के प्रदेश सचिव अमित सिंह मंटू की अच्छी खासी चलती है। इसी तरह से सुजानपुर विस हल्के के गांव भरोली कलां और भरोली खुर्द थाना डिवीजन नं.2 और शहर के शांत विहार और लमीनी शहर के थाना डिवीजन नं.1 से जुड़ गया है, जहां पर पठानकोट के विधायक अमित विज का प्रभाव है। कहा जा रहा है कि अपने हल्के का काम कराने के लिए एक विधायक को दूसरे से सिफारिश करानी पड़ेगी। ऐसे में उनके बीच अहम टकराने की भी संभावना बन गई है।

जनता खुश
5 महीने पहले बहन के घर खानपुर में आई महिला से स्नैचिंग हुई थी, उसकी शिकायत के लिए उन्हें पहले थाना डिवीजन नं.1 जाना पड़ा और आखिर में शिकायत 15 किलोमीटर दूर मामून में जाकर दर्ज करानी पड़ी। -बलविंद्र कुमार, पार्षद

खानपुर में चार साल पहले कत्ल हुआ था, तब पुलिस पर्चा दर्ज करने को लेकर सदर और कभी मामून में उलझती रही थी। शहर से जुड़ने से इलाके में क्राइम पर भी रोक लगेगी। -नरिंद्र कुमार, दुकानदार खानपुर चौक

हदबंदी के चक्कर में कई बार परेशानी का सामना करना पड़ता है। वेरिफिकेशन करवाने के लिए 15 किमी दूर मामून थाना जाना पड़ता था, नई हदबंदी होने से उन्हें थोड़ी राहत महसूस होगी। -साहिल, खानपुर निवासी

शहर के थाने से वार्ड को जोड़ने की मांग कई बार की जा चुकी है, अब जाकर पूरी होने से लोगों को थोड़ी राहत मिलेगी। अब हमें इंसाफ के लिए कई किलोमीटर दूर नहीं जाना पड़ेगा। -राज कुमार, खानपुर

खानपुरवासियों को अब नहीं जाना पड़ेगा 15 किमी दूर मामून
खबरें और भी हैं...