सेना देश की है न कि किसी राजनीतिक दल की : कर्नल
पठानकोट| इंडियन एक्स सर्विस मैन लीग व शहीद परिवार परिषद के संरक्षकों व सलाहकारों की बैठक जिला प्रधान सेवानिवृत्त कर्नल सागर सिंह सलारिया की अध्यक्षता में हुई। इस दौरान कर्नल सागर सिंह सलारिया ने कहा कि लीग का गठन 1964 में पूर्व सैनिक एकता व आपसी इज्जत मान को बरकरार रखने के लिए किया गया था ताकि शहीद परिवारों, युद्ध विधवाओं, अनाथ बच्चों, आश्रित माता पिता व जरूरतमंद पूर्व सैनिकों की समस्याओं को हल करने के लिए मंच मिल सके। उन्होंने भारी मन से कहा कि राजनीति से प्रेरित कुछ पूर्व सैन्य अफसर असली मुद्दों से हटकर व मान भत्ता लेकर पंचायत स्तर तक भ्रष्टाचार खत्म करने की बातें कर रहे हैं। कर्नल ने साफ कहा कि लीग एक अखिल भारतीय गैरराजनीतिक संगठन है, इसलिए लीग को राजनीति में न घसीटा जाए। सेना भारत देश की है न कि किसी राजनीतिक दल की। इस मौके पर एडवोकेट जेजे सिंह, कर्नल प्रभात जसरोटिया, कर्नल स्वर्ण सलारिया, कर्नल प्रेम सैनी, कर्नल डीसी शर्मा, कैप्टन प्रीतम, कैप्टन फकीर, कैप्टन जगत राम, कैप्टन कर्ण सिंह, सूबेदार अवतार सैनी, सूबेदार शक्ति पठानिया, जेडब्लूओ अमरनाथ, गंधर्व, शांति शर्मा भी थे।