शहीद कांस्टेबल मनदीप कुमार की अंतिम अरदास व श्रद्धांजलि समारोह 21 मई को इनके पैतृक गांव खुदादपुर में किया जाएगा। मनदीप कुमार करीब 10 दिन पहले जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले के चिनार गांव में आतंकियों से लड़ते हुए शहीद हो गए थे। शहीद सैनिक परिवार सुरक्षा परिषद के महासचिव कुंवर रविंदर सिंह विक्की ने बताया कि शहीद कांस्टेबल मनदीप कुमार मार्च 2011 में सीआरपीएफ की 182 बटालियन में भर्ती होकर अपने सात साल के सेवाकाल के दौरान वह अधिकतर आतंकवाद से प्रभावित क्षेत्रों में ही रहे। 11 मई को चिनार गांव में उन्हें आतंकियोंं के छिपे होने की सूचना मिली। मनदीप अपनी सैन्य टुकड़ी के साथ आतंकियों की टोह लेने हेतु सर्च अभियान पर निकले कि तभी आतंकियो की नजर इनकी सैन्य टुकड़ी पर पड़ी तो उन्होंने गोलाबारी शुरू कर दी। आंतकियों का बहादरी से मुकाबला करते हुए मनदीप शहीद हुए।