कांग्रेस के जिलाध्यक्ष अनिल विज ने कहा कि कर्नाटक में कांग्रेस-जेडीएस की जीत विपक्ष की एकजुटता की जीत है। उन्होंने केंद्र की मोदी सरकार पर शाब्दिक हमले करते हुए कहा कि भाजपा ने देश के साथ खिलवाड़ किया है। मोदी सरकार अब तक देशभर में लोकतंत्र की हत्या करती आई है। कर्नाटक में सुप्रीम कोर्ट के दखल के बाद कांग्रेस-जेडीएस गठबंधन की सरकार बनने से साबित हो गया है कि मोदी सरकार की तानाशाही अब ज्यादा दिन तक नहीं चलेगी।
भोआ के कांग्रेसी विधायक जोगिंद्र पाल ने कहा कि कांग्रेस की कर्नाटक जीत ने यह साबित कर दिया है कि मोदी सरकार की नीतियों से लोग दुखी हो चुके हैं और उनकी बातों की कलाबाजी ज्यादा दिन तक नहीं चलने वाली हैं। लोग उनके बहकावे में नहीं आने वाले और अगले साल 2019 के चुनाव मोदी सरकार के लिए और भी मुश्किल होंगे।
कांग्रेस के प्रदेश सचिव अमित सिंह मंटू ने कहा कि कर्नाटक में लोकतंत्र की बहाली हुई है। उन्होंने कहा कि जिस मोदी सरकार ने देशभर में कांग्रेस को खत्म करने का दावा किया था आज उसका सीएम 54 घंटे भी सत्ता में नहीं रह सका है। उन्होंने कहा कि कर्नाटक में कांग्रेस-जेडीएस की जीत के बाद मोदी सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। 2019 में कांग्रेस की सरकार बनना तय है। आने वाले 2019 के चुनाव में लोग भारी बहुमत से कांग्रेस को जीत दिलाएंगे और भाजपा के तानाशाह शासन ने देश की आम जनता को राहत दिलवाएंगे।