नशा छुड़ाओ केंद्र में मरीजों को नशा बेचने वाला पकड़ा
एसटीएफ (स्पेशल टास्क फोर्स) ने सिविल अस्पताल के नशा छुड़ाओ केंद्र व ओएसटी में नशा छुड़वाने आए मरीजों को नशीली गोलियां बेचने वाले युवक को पकड़ा है। बाइक सवार युवक से 240 नशीली गोलियां मिली हैं। पकड़ा गया कुलजीत सिंह निवासी ढाकी दौलतपुर का है। पुलिस की जांच में सामने आया कि कुलजीत भी नशे का आदि है और वह भी 6 महीने से अपना उपचार सिविल अस्पताल के ओएसटी में करवा रहा है।
एसटीएफ में तैनात एएसआई हरजिंद्र ने बताया कि पुलिस पार्टी गउशाला टी-प्वाइंट अबरोल नगर रोड पर गश्त कर रहे थे। इस दौरान अबरोल नगर साइड से बाइक पर आए युवक ने पुलिस की गाड़ी को देख बाइक को पीछे मोड़कर भागने लगा। पुलिस ने शक के आधार पर बाइक सवार युवक को पकड़ा और पूछताछ की। पुलिस ने युवक से मौके पर 240 नशीली गोलियां बरामद कीं। जांच में पता चला कि कुलजीत हिमाचल-प्रदेश से नशीली गोलियां लाकर सिविल में नशा छुड़वाने आने वाले मरीजों को बेचता है। वह हिमाचल से 90 रुपए का पत्ता लाकर आगे 200 रुपए में बेचता था। थाना डिवीजन नं.1 में कुलजीत के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल युवक से पूछताछ की जा रही है।