कहीं और की घटना को पठानकोट की बता वीडियो की वायरल, पुलिस में दी शिकायत
छात्रा को गोली मारने की सोशल मीडिया पर वायरल हो रही वीडियो को पठानकोट के एसडी कालेज का लिखकर अफवाह फैलाने की शिकायत कालेज प्रबंधन ने जिला पुलिस से की है। कालेज प्रबंधन ने शिकायत में कहा कि इस घटना से उनके कालेज का कोई लेनादेना नहीं है। लेकिन कुछ शरारती तत्वों ने कालेज की छवि खराब करने के लिए इस घटना को सोशल मीडिया व यू ट्यूब पर डालकर पठानकोट बताया है। प्रबंधन ने अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
शुक्रवार को एसएमडीआरएसडी कालेज के प्रिंसिपल सुरेंद्र कोहाल ने बाकायदा प्रैस कांफ्रेंस कर कहा कि कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर एक वायरल वीडियो चल रही है। इस घटना का उनके कालेज व विद्यार्थियों से कोई संबंध नहीं है। यह घटना किसी और राज्य में घटित हुई हैै। प्रिंसिपल सुरेंद्र कोहाल ने बताया कि स्टूडेंट्स व जिले वासियों के हित को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष कैमिस्ट्री व फिजिक्स की एमएससी शुरू करने जा रहा है। जिसकी स्वीकृति जीएनडीयू की ओर से मिल चुकी है और दाखिला किया जा रहा है।
जानकारी देते एसएमजीआरएसडी कालेज के प्रिंसिपल सुरेंद्र कोहाल व अन्य।