पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • 24 घंटे बिजली के लिए हॉटलाइन से जुड़ेगा पठानकोट एयरपोर्ट, 60 लाख में डेयरीवाल से बिछेगी नई लाइन

24 घंटे बिजली के लिए हॉटलाइन से जुड़ेगा पठानकोट एयरपोर्ट, 60 लाख में डेयरीवाल से बिछेगी नई लाइन

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
उड़ान स्कीम के तहत दिल्ली-पठानकोट के बीच एलायंस एयर की फ्लाइट शुरू होने के बाद पठानकोट सिविल एयरपोर्ट से रौनक बढ़ गई है। वहीं एयरपोर्ट पर 24 घंटे रेगुलर बिजली की सप्लाई नहीं है। घंटों बिजली गुल रहने से एयरपोर्ट पर काम चलाने के लिए जनरेटर ही सहारा है। इसके लिए प्रबंधन ने पंजाब स्टेट पावर कार्पोरेशन (पावरकॉम) से हॉट लाइन का सर्वे कराया है। इसके तहत डेयरीवाल सब स्टेशन से अलग फीडर से एयरफोर्स स्टेशन की दीवार से करीब 7 किलोमीटर नई लाइन बिछाई जाएगी। इसका 60 लाख का एस्टमेट बनाकर एयरपोर्ट अथारिटी को भेजा गया है। अधिकारियों ने बताया कि हिमाचल से बिजली का कनेक्शन लेने की दिक्कत थी, साथ ही बिल्डिंग पठानकोट के नाम पर रजिस्टर्ड है। लिहाजा पावरकॉम से हॉट लाइन का एस्टीमेट बनवाया गया है। बता दें कि पंजाब-हिमाचल की सांझी 85 बीघा जमीन पर 37 करोड़ की लागत से बने हवाई अड्डा को 21 नवंबर 2006 को सेवा के लिए खोला गया था।

आवाजाही बढ़ने पर सुरक्षा के लिहाज से रेगुलर बिजली आपूर्ति जरूरी

एयरपोर्ट की बिल्डिंग पंजाब के हिस्से में है जबकि बाउंड्री वाल के साथ का एरिया हिमाचल में है। पुलिस के जवानों का कहना है कि एक बार बिजली जाने पर घंटों आपूर्ति नहीं होती है। इससे उनके लिए कई बार अपने वायरलेस सेट भी चार्ज नहीं हो पाते हैं। इसके लिए रेगुलर बिजली की सप्लाई होनी चाहिए। 7 साल बाद एयरपोर्ट पर दोबारा से फ्लाइट शुरू हुई है और हफ्ते में तीन दिन चलने वाली फ्लाइट में अभी चार बाद डेढ़ सौ से ज्यादा पैसेंजर सफर कर चुके हैं। एयरपोर्ट पर आवाजाही बढ़ने पर सुरक्षा के लिहाज से भी रेगुलर बिजली आपूर्ति जरूरी है।

एयरपोर्ट अथारिटी पैसा जमा कराएगी, उसके एक महीने के भीतर डेयरीवाल से सीधी हॉट लाइन का कनेक्शन लगा दिया जाएगा। -मनमोहन लाल भगत कार्यकारी इंजीनियर पावरकॉम सरना।

अथारिटी को हॉटलाइन कनेक्शन की सर्वे रिपोर्ट भेज दी है, जैसे ही उसका पैसा मिलेगा, इसके तुरंत बाद रेगुलर बिजली आपूर्ति शुरू हो जाएगी। -कमलजीत कौर, मैनेजर एयरपोर्ट पठानकोट।

एयरपोर्ट को जाने वाली टूटी सड़क बनने में लगेगा एक महीना

चक्की दरिया के बहाव में बही एयरपोर्ट को जाने वाली रोड का काम कंप्लीट होने में एक महीने का समय और लगेगा। हिमाचल पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों के मुताबिक रोड पर बीएम डाल दी गई है। अभी लुक का काम होना बाकी है। अधिकारियों के मुताबिक रोड बचाने के लिए रिटेनिंग वॉल बनाने के लिए 14 करोड़ रुपए का प्रोजेक्ट तैयार किया गया है। बता दें कि ढांगू पीर से एयरपोर्ट को जाने वाली रोड का 22 फीट हिस्सा सितंबर 2016 में बह गया था। एयरपोर्ट को जाने का यही एक मात्र रास्ता था। रोड के साथ मिलिट्री अस्पताल और एयरफोर्स की दीवार भी लगती है।

खबरें और भी हैं...