शिक्षकों ने किया पढ़ो पंजाब का बायकॉट, डीईओ को ज्ञापन
सरकारी स्कूल शिक्षा बचाओ मंच की ओर से पढ़ो पंजाब समेत गैर शैक्षणिक कार्य का पूर्ण तौर पर बहिष्कार किया गया। मंच के बैनर तले शिक्षकों ने जिला शिक्षा अधिकारी (प्राइमरी) कुलवंत सिंह वाला को ज्ञापन दिया। मंच के नेता विनोद कुमार, मक्खन सिंह, धर्मवीर सिंह, रविकांत, उमेश कुमार, नरिंद्र सिंह, नरेश कुमार, मुनीष कुमार, बीएस सोनी, रमन कुमार, शाम लाल, करतार चंद, सुनील कुमार, तिलक राज, तरसेम लाल, प्रितपाल सिंह, बलदेव राज ने कहा कि पढ़ो पंजाब के बहाने कार्ड, चार्ट अन्य प्रिटिंग मटीरियल छपवाकर करोड़ों रुपए पानी में बहाए जा रहे हैं जबकि स्कूलों में बच्चों के बैठने के लिए डेस्क, बिजली और बिल कई सालों से नहीं दिए गए हैं। बिजली विभाग स्कूलों के कनेक्शन काट रहा है।
यूनियन नेताओं ने बताया कि 225 ब्लॉकों में करीब आठ सेंटर हैं, जिनमें हरेक सेंटर में एक सीएमटी, हर ब्लॉक में एक बीएमटी, जिला कोऑर्डिनेटर, सहायक जिला कोऑर्डिनेटर, कई सहायक डायरेक्टर और सहायक डायरेक्टरों की फोज पर रोजाना लाखों रुपए स्पेशल भत्ते के तौर पर खर्च किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सारी फौज का वार्षिक खर्च पांच करोड़ से ज्यादा है। साथ ही पढ़ो पंजाब चार्ट, कार्ड पर करोड़ों रुपए अलग से खर्च के जा रहे हैं जबकि 225 ब्लॉक शिक्षा अफसर और प्रति ब्लॉक आठ के करीब सेंटर हेड टीचर मौजूद हैं। यूनियन नेताओं ने कहा कि पढ़ो पंजाब टीम और अन्य शिक्षा अधिकारी स्कूलों में जाकर टीचरों से जबरन हस्ताक्षर कराना बंद करें, अन्यथा उनका घेराव किया जाएगा।