गांवों में कैंप लगा वाटर सप्लाई बिल जमा करा रहा निगम
आर्थिक तंगहाली से जूझ रहे निगम के अधिकारियों ने इनकम बढ़ाने के लिए नई योजना बनाई है। अब निगम अधिकारी नए जुड़े 17 एरिया में लोगों से वाटर सप्लाई के बिल जमा करवाने को कैंप लगा रहे हैं। जहां लोगों के करंट व एरियर बिलों के साथ नए कनेक्शंस की एप्लीकेशंस ली जा रही हैं। निगम की यह योजना काम भी कर रही है, मलिकपुर में 2 दिन कैंप लगाकर निगम ने 315 लोगों के बिलों से ही 2 लाख रुपए कमा लिए हैं। पहले कैंप से उत्साहित निगम की वाटर सप्लाई ब्रांच ने अब शुक्रवार तक कैंप को बढ़ाया है। अब हर हफ्ते सोमवार से शुक्रवार विभिन्न गांवों में जाकर 5 दिन का कैंप लगाएंगे। अगला कैंप 21 मई को खानपुर और मामून में लगेगा जोकि 5 दिन चलेगा।
तंगहाल निगम
नए जुड़े 17 गांवों में निगम की वाटर सप्लाई ब्रांच लगा रही कैंप, 1 करोड़ वार्षिक इनकम बढ़ने की उम्मीद
मलिकपुर के फोकल प्वाईंट स्थित वाटर सप्लाई में बिल जमा करते निगम कर्मचारी।
6 हजार कनेक्शन रेगुलर होने से कमाई बढ़ेगी 1 करोड़
नगर निगम में शामिल गांव भरोली कलां, भरोली खुर्द, बहादुर लाहड़ी, मलिकपुर, बहलोलपुर, सरना, जमालपुर, डेयरीवाल, कोठी पंडिता, लाडोचक्क, धीरा, धीरा जट्टा, मामून, किला, विष्णु नगर लमीनी, खानपुर, लक्ष्मी गार्डन कालोनी और आधुनिक विहार एरिया में 6 हजार के करीब रेगुलर और ढाई हजार के करीब अवैध कनेक्शन हैं। इनसे 7 लाख हर महीने इनकम होगी जबकि साल में 84 लाख करंट बिलों सहित कनेक्शन फीस, रोड कटिंग चार्जेस और सिक्योरिटी मिलाकर हर साल लगभग 1 करोड़ रुपए की आमदन होगी। इससे निगम आर्थिक हालत में कुछ सुधार होगा। निगम वाटर सप्लाई इंचार्ज अश्विनी शर्मा ने बताया कि नए जुड़े 17 एरिया का सर्वे इसी महीने शुरू करवाया जाएगा। जानकारी के अनुसार 2 हजार से अधिक इल-लीगल कनेक्शन हैं जिनके लिए सर्वे करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि लोग खुद अपने कनेक्शन रेगुलर करवाएं अगर सर्वे में इल्लीगल कनेक्शन पकड़ा गया तो उसे भारी जुर्माना व पिछले साल का बकाया भी देना देना पड़ेगा।