हादसों में दुबई से लौटे युवक समेत 3 की मौत
भास्कर संवाददाता | पठानकोट/नंगलभूर
सड़क हादसों में दुबई से डेढ़ महीने की छुट्टी पर आए युवक समेत तीन लोगों की मौत हो गई। मृतक पंकज कुमार निवासी मोहल्ला बडैहरा, तिलकराज निवासी मोहल्ला खदावर (सुजानपुर) व नरेश कुमार निवासी गांव करोली के रहने वाले थे।
पहला हादसा सोमवार रात का है। पठानकोट के मोहल्ला बडैहरा निवासी पंकज कुमार दुबई में प्राइवेट कंपनी में काम करता था। बीते शुक्रवार को दुबई से पठानकोट अपने घर डेढ़ महीने की छुट्टी पर आया था। सोमवार रात 9.30 बजे पठानकोट-गोसाईंपुर रोड पर अंधेरे के चलते पंकज की बाइक सीधे फास्ट फूड की रेहड़ी से जा टकराई। बाइक समेत पंकज नीचे गिर गया और रेहड़ी पलट गई। पंकज के सिर पर गंभीर चोटें आने पर सिविल में पहुंचाया गया जहां पंकज ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। देर रात सूचना मिलने पर पंकज के परिवार वाले सिविल अस्पताल में पहुंचे। पिता मोहन ने बताया कि पंकज ने लमीनी में जगह ली हुई थी। उसने नए मकान का काम करवाना था। वह दुबई से डेढ़ महीने की छुट्टी लेकर घर आया था कि उसकी हादसे में मौत हो गई। उधर मामले की जांच कर रहे सुजानपुर थाने के एएसआई दीपक कुमार ने बताया कि पुलिस ने परिवार वालों के बयान पर 174 की कार्रवाई कर सिविल अस्पताल से लाश का पोस्टमार्टम करवाया गया।
पंकज
नंगलभूर के पास अनियंत्रित कार डिवाइडर से टकराई | दूसरा हादसा पठानकोट-जालंधर हाईवे नंगलभूर के पास हुआ। नंगलभूर हाईवे पर एक कार अनियंत्रित होने के बाद डिवाइडर के साथ टकरा गई। हादसे में जख्मी गांव करोली निवासी नरेश कुमार को उपचार के लिए प्राइवेट अस्पताल में भर्ती करवाया गया जहां नरेश कुमार की उपचार के दौरान मौत हो गई। गांव करोली निवासी नरेश अपने किसी काम के चलते मुकेरियां साइड गया था। वह मुकेरियां से कार में वापिस करोली लौट रहा था। पठानकोट-जालंधर हाईवे नंगलभूर अड्डे के पास हाईवे पर अचानक एक आवारा पशु आ गया। पशु को बचाने के चक्कर में कार अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे डिवाइडर से टकराते हुए ऊपर चढ़ गई। हादसे में नरेश जख्मी हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने घायल नरेश को अस्पताल में भर्ती कराया जहां नरेश की उपचार के दौरान मौत हो गई।
सुजानपुर-माधोपुर हाईवे पर हुई बाइक स्लिप | तीसरा हादसा पठानकोट-जम्मू हाइवे सुजानपुर-माधोपुर रोड पर हुआ था। हादसे में जख्मी तिलकराज की अमृतसर गुरु नानक अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। बीते रविवार को सुजानपुर के खदावर निवासी तिलकराज बाइक पर ससुराल घर में मिलने गया था। वापिस लौटते वक्त सुजानपुर-माधोपुर हाईवे पर बाइक स्लिप होने से तिलकराज जख्मी होने पर पहले सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया लेकिन तिलकराज की हालत गंभीर होने पर अमृतसर रेफर किया गया था। अमृतसर में बीती रात तिलकराज की इलाज के दौरान मौत हो गई। मामले की जांच कर रहे सब इंस्पेक्टर अश्विनी कुमार ने बताया कि पुलिस ने परिवार वालों के बयान पर कार्रवाई कर मंगलवार को सिविल अस्पताल से लाश का पोस्टमार्टम करवा दिया है।