सेना की राइजिंग स्टार कोर की ओर से हिमाचल प्रदेश के मंडी में दो दिवसीय रक्षा पेंशन अदालत लगाई गई। इसका उद्घाटन कोर के जनरल आफिसर कमांडिंग लेफ्टिनेंट जनरल वाय वीके मोहन ने किया। इस मौके पर एडिशनल सीजीडीए उपेंद्र साह उपस्थित थे।
पेंशन अदालत में रक्षा पेंशनरों की शिकायतें सुनी गई तथा उन्हें मौके पर हल करने का प्रयास किया गया है। कार्यक्रम में वीर नारियों, पराक्रम पुरस्कार विजेताओं और बुजुर्ग सैनिकों को सम्मानित भी किया गया। लेफ्टिनेंट जनरल वीके मोहन ने आश्वासन देते हुए कहा कि वयोवृद्ध भूतपूर्व सैनिकों द्वारा अपनी रिटायर्ड जिंदगी को सुखमय बनाने के लिए राइजिंग स्टार कोर हमेशा तत्पर है।
इस मौके पर एडिशनल सीजीडीए उपेंद्र साह ने रक्षा पेंशन अदालत में रक्षा पेंशनरों की स्वीकृति और वितरण की विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने पूर्व सैनिकों को पेंशन सेल इलाहबाद के टोल फ्री नं.1800-180-5321 का उपयोग करने और आधार कार्ड को पीपीओ से जोड़ने को कहा। इस मौके पर सरकार की योजनाओं के बारे में जानकारी देने के लिए ईसीएचएस, सैनिक भर्ती दफ्तर, सीएसडी और जिला सैनिक कल्याण केंद्र द्वारा स्टाल भी लगाए गए।
पेंशन अदालत में वीर नारियों से मिलते सेना की राइजिंग स्टार कोर के जनरल आफिसर कमांडिंग लेफ्टिनेंट जनरल वाय वीके मोहन। -भास्कर