- Hindi News
- National
- झझेली में ट्रैक में फंसी बाइक छोड़ भागा चालक, मालवा एक्सप्रेस से टकराकर लगी आग, चालक ने इंजन बंद किया
झझेली में ट्रैक में फंसी बाइक छोड़ भागा चालक, मालवा एक्सप्रेस से टकराकर लगी आग, चालक ने इंजन बंद किया
भास्कर संवाददाता | पठानकोट/सुजानपुर
पठानकोट-जम्मूतवी रेल सेक्शन पर सुजानपुर के पास पड़ते मोहल्ला शेखां के अनमैन क्रॉसिंग पर बड़ा हादसा होने से टल गया। हालांकि हादसे की वजह से (12920) मालवा सुपरफास्ट डेढ़ घंटा देरी से रवाना हो सकी। आरपीएफ ने अज्ञात युवक के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। दरअसल बुधवार दोपहर झझेली क्रॉसिंग पर युवक बाइक के साथ गुजर रहा था। अचानक उसकी बाइक पटरियों के बीच फंस गई। उधर से मालवा एक्सप्रेस आ गई। ट्रेन को आता देख युवक बाइक छोड़ फरार हो गया। ट्रेन की बाइक से टक्कर हो गई। बाइक के चीथड़े ट्रेन के इंजन के नीचे फंस गए। बाइक से रिस रहे पैट्रोल से इंजन के नीचे आग निकलने लगी। गाड़ी चला रहे लोको पायलट ने तुरंत ट्रेन को रोका और पठानकोट कैंट, पठानकोट सिटी के एसएस को इसकी जानकारी दी। गाड़ी रुकने से विभिन्न राज्यों को जाने वाले पैसेंजर्स गर्मी में परेशान होते रहे।
एक घंटे में निकल पाया ट्रेन के नीचे से बाइक का मलबा, डेढ़ घंटे बाद रवाना की जा सकी
मालवा एक्स्प्रेस ट्रेन के इंजन के नीचे से बाइक का मलबा निकालते रेलवे कर्मचारी और (इनसेट) चकनाचूर बाइक।
जम्मूतवी से इंदौर जाने वाली मालवा सुपरफास्ट 10:40 की बजाय दोपहर 12:11 बजे कैंट स्टेशन पर पहुंची।
कार्रवाई | अज्ञात युवक पर रेलवे एक्ट के तहत केस दर्ज
आरपीएफ सिटी ने अज्ञात बाइक सवार पर रेलवे एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। सिटी पोस्ट कमांडर सीएल मीना ने बताया कि आरोपी पर धारा 147 (रेलवे परिसर में गलत तरीके से घुसना) और धारा 153 (रेलवे के परिचालन में बाधा उत्पन्न कर यात्रियों की जान खतरे में डालना) के तहत मामला दर्ज किया है। बाइक का नंबर ट्रेस कर जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।
आशंका| डीजल इंजन होता तो हो सकता था बड़ा हादसा
कैंट स्टेशन सुपरिंटेंडेंट अश्विनी कुमार ने कहा कि पेट्रोल से लगी आग से बड़ा हादसा हो सकता था। अगर चालक समय रहते ट्रेन का इंजन बंद न करता तो आग फैल सकती थी। वहीं इंजन बिजली के संचालित होने के कारण भी बचाव रहा। डीजल इंजन में आग से नुकसान हो सकता था। वहीं, लोगों ने मांग की है कि इस क्राॉसिंग पर फाटक बनाया जाए। रोजाना 20 गांवों के लोग यहां से गुजरते हैं।