बेल के लिए कोर्ट में दिए जाली कागजात, तीन लोग नामजद
पठानकोट | धोखाधड़ी के मामले में बेल करवाने के लिए जाली कागजात देने के आरोप में थाना डिवीजन नं.1 में तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज हुआ है।
थाना डिवीजन नं. 1 के एएसआई दलवीर सिंह ने बताया कि साल 2013 में जिला पुलिस ने महाराष्ट्र निवासी सिशाक के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया था। बीते दिनों जज केवल कृष्ण की अदालत में सिशाक की बेल के लिए लुधियाना निवासी विक्रम कुमार ने अपनी जमीन के जाली कागजात लगवा दिए। कागजात की जांच में पता चला कि विक्रम कुमार के नाम कोई मलकीयत नहीं है। इन कागजात को नंबरदार हरनेक सिंह ने भी साजिश के तहत तफ्तीश किया जाना पाया गया। जिलाधीश लुधियाना की ओर से की गई जांच की जानकारी कोर्ट को दी गई। जिसके बाद कोर्ट ने थाना नंबर-1 पुलिस को उक्त आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करने के निर्देश दिए। एएसआई दलवीर सिंह ने बताया कि थाना डिवीजन नं.1 में सिशाक निवासी महाराष्ट्र, विक्रम कुमार निवासी लुधियाना व हरनेक सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।