पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • एफएक्यू क्वालिटी के नाम पर अनाज को रिजेक्ट किए जाने का विरोध

एफएक्यू क्वालिटी के नाम पर अनाज को रिजेक्ट किए जाने का विरोध

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
चना, मसूर, सरसों की खरीदी के लिए नेफेड द्वारा एफएक्यू क्वालिटी से जांच करके किसानों की फसलों को खरीदा जा रहा है। किसानों की अधिकतर ट्रालियों में भरे अनाज को एफएक्यू क्वालिटी का नहीं मानकर खरीदी करने से इंकार किया जा रहा है। खरीदी में आ रही समस्याओं को लेकर सरपंच एवं किसान देवेन्द्र सिंह ठाकुर, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष यादवेश यादव, किसान नेता रविन्द्र सिंह राजपूत के नेतृत्व में खुरई रोड स्थित उप मंडी पठारी के बाहर क्षेत्र भर से आए किसानों ने धरना प्रदर्शन करते हुए जमकर नारेबाजी की।

इसके बाद अनाज तौल संबंधित समस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर राज्यपाल के नाम प्रभारी तहसीलदार परवेज अली खान को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में किसानों ने मांग की है कि चना, मसूर के मापदंड में उनके वजन की गांठ को तौल मापदंड में लाया जाए। एसएमएस से तौल की समय सीमा बढ़ाई जाए, तौल केंद्रों की संख्या 1 से 2 की जाए। किसानों ने कहा कि अगर इन समस्याओं का 5 दिन के अंदर निराकरण नहीं किया जाता है तो किसान उग्र आंदोलन करने पर मजबूर हो जाएंगे। किसान देवेंद्र सिंह ठाकुर ने आरोप लगाते हुए कहा कि नेफेड के सर्वेयर द्वारा अन्नदाताओं की उपज को मानक श्रेणी से बाहर बताकर खरीदी से मना किया जा रहा है। दूर-दूर से किसान अपनी उपज को पठारी केंद्र पर लेकर आ रहे हैं और किसानों को केंद्र पर दो दो दिन रोककर उनकी फसल को रिजेक्ट किया जा रहा है।

इससे किसानों को आर्थिक एवं मानसिक रूप से नुकसान पहुंच रहा है। इस मौके पर सरपंच देवेन्द्र सिंह ठाकुर, यादवेश यादव, रविन्द्र राजपूत, ब्रजेन्द्र सिंह ठाकुर, अजय ठाकुर, पृथ्वी सिंह चौहान, राजेश राजपूत, कल्लू खां राइन, हाकम सिंह, बुन्देल सिंह सहित बड़ी संख्या में क्षेत्र के किसान उपस्थित थे। इस मौके पर टीआई मुकेश तिवारी अपने दल बल के साथ सुरक्षा व्यवस्था बनाए हुए थे।

खबरें और भी हैं...