बाल कलाकार ने खोली संगीत एकेडमी
बाल कलाकार राहुल विश्वकर्मा ने साधन विहीन प्रतिभाशाली बाल कलाकारों को नि:शुल्क संगीत शिक्षा देने के लिए संगीत गुरुकुल एकेडमी का शुभारंभ किया। एकेडमी में गायन, वादन और नृत्य की शिक्षा दी जाएगी।
आरवी संगीत गुरुकुल एकेडमी के संचालक राहुल विश्वकर्मा ने बताया कि पूर्वी इंदौर क्षेत्र के धीरज नगर के वेलोसिटी सिनेमा के पास आरवी गुरुकुल संगीत एकेडमी का शुभारंभ माय एफएम रेडियो मिर्ची के बादशाह आरजे अभिजीत, इंडिया नेशनल रिदम बैंड के ऑर्गेनाइजर राजेश मिश्रा, गुड्डू भैया और संगीतकार रमेश सेन ने मां सरस्वती की पूजा अर्चना कर किया। इस दौरान कोरियोग्राफर मुकुल नागर, खुशी मुकेश, आनंद विश्वकर्मा और प्रदीप विश्वकर्मा मौजूद थे। आरवी गुरुकुल संगीत एकेडमी के संचालक एवं पठारी के समीपस्थ गांव मथुरापुर निवासी बाल कलाकार राहुल विश्वकर्मा ने बताया कि इस एकेडमी का संचालन जन सहयोग से किया जाएगा। जिसके माध्यम से गरीब, मजबूर, लाचार, परेशान बाल कलाकारों को संगीत की शिक्षा दी जाएगी। उन्होंने उल्लेख करते हुए कहा कि उन्हें भी जन सहयोग से संगीत की शिक्षा दी गई है। जिसमें तत्कालीन विदिशा कलेक्टर आनंद शर्मा, सीबी सिंह, तत्कालीन कुरवाई एसडीएम टीना यादव, जनपद अध्यक्ष प्रेम नारायण तिवारी, मनोज नामदेव और पत्रकारों सहित क्षेत्र के कई लोगों ने सहयोग किया था।