पथरिया नगर में भारी वाहनों की आवाजाही से लोग परेशान हैं। प्रतिदिन दर्जनों की संख्या में गिट्टी, रेट, सीमेंट से भरे भारी वाहन निकलते हैं। जिससे रोजाना ही जाम के हालात बने रहते हैं, ऐसी स्थिति में हादसे भी घटित हो रहे हैं, लेकिन पुलिस प्रशासन और नगर परिषद द्वारा कोई कदम नहीं उठाया जा रहा है।
पिछले दिनों नगरवासियों ने भारी वाहनों के प्रवेश को रोकने के लिए एसडीएम को ज्ञापन सौंपा था। जिसके बाद एसडीएम ने थाना प्रभारी को पत्र जारी कर नगर में भारी वाहनों के प्रवेश को रोकने के निर्देश दिए थे, लेकिन आज तक निर्देशों का कोई पालन नहीं हुआ। दिन भर व्यस्ततम मार्गों से भारी वाहन नगर में प्रवेश कर रहे हैं। दो दिन पहले ही संजय चौराहा पर एक साइकिल सवार डंपर की चपेट में आ गया था। वहीं लखरोनी फाटक के पास भी एक बुजुर्ग भारी वाहन की चपेट में आने से बाल-बाल बचा था, मगर इसके भी पुलिस और प्रशासन की ओर से कोई कदम नहीं उठाया गया।
गौरतलब है कि दमोह-सागर सड़क मार्ग पर टोल टेक्स बचाने के चक्कर में भारी वाहन पथरिया में प्रवेश कर रहे हैं। जो सकरी सड़कों पर फर्राटे मारते हुए निकलते हैं। नगर के सुनील दुबे, राजकुमार पटेल ने बताया कि पहले कम संख्या में वाहन निकलते थे, लेकिन अब रोजाना दो दर्जन से अधिक भारी वाहन नगर के अंदर से निकलते हैं। जिससे जहां सड़क के दोनों ओर फुटकर सब्जी दुकानदारों को खतरा बना रहता है वहीं सड़क से निकलने वाले लोगों को भी खतरा बना रहता है।
इस संबंंध में एसडीएम संजीव साहू का कहना है अभी थाना प्रभारी से बात करता हूं कि भारी वाहनों पर प्रतिबंध लगाया जाए। ताकि दिन में आवागमन की व्यवस्था सुचारु रुप से चालू रहे।
एसडीएम व थाना प्रभारी को दे चुके ज्ञापन
स्थानीय निवासी हर्ष चौबे, आनंद यादव, महेंद्र सिंह, गोविंद पटेल ने बताया कि भारी वाहर टोल टेक्स बचाने के चक्कर में पथरिया नगर में घुस रहे हैंं। गिट्टी, रेत व सीमेंट से भरे वाहनों से सड़क पर जाम के हालात बन रहे हैं। इस संबंध में एक पखवाड़ा पहले ही एसडीएम व थाना प्रभारी को ज्ञापन दिया था, लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।