बनवार/पथरिया|बोर्ड परीक्षाओं में जबेरा जनपद क्षेत्र के गांव-गांव के छात्र-छात्राओं ने जिला स्तर से लेकर प्रदेश स्तर पर अपने नाम का डंका बजाया है। परीक्षा पास करने के बाद कोई भविष्य में कलेक्टर तो कोई पुलिस तो कोई पीएससी की तैयार कर शासकीय अधिकारी बनना चाहता है।
चंडी चौपरा निवासी रविंद्र पिता राजेंद्र सिंह ने कला संकाय में 88.67 अंक हासिल करते हुए प्रदेश की टाॅप लिस्ट में 29वां स्थान प्राप्त किया है। चौपरा ग्राम निवासी किसान के बेटे रविंद्र सिंह ने बताया कि पिता की हर समय एक ही प्रेरणा मिलती थी बेटा अच्छे से पढ़ाई करना व परिवार व गांव का नाम रोशन करना। इसी प्रेरणा से हाई स्कूल की परीक्षा में अच्छे अंक हासिल होने पर सुपर हंड्रेड योजना में सिलेक्शन हुआ। इसके बाद इंदौर के शासकीय मल्हार आश्रम से 11वीं व 12वीं पढ़ाई की। अब आगे उनका लक्ष्य एमपीपीएससी पास करके ऐसा कुछ बनकर दिखाना है ताकि उनके माता-पिता का सपना पूरा हो जाए।