सेंधवा | किसानों को समृद्ध बनाना है। इसके लिए जो भी करना चाहिए वो करेंगे। शनिवार को शहर में जिला सहकारी बैंक द्वारा आयोजित मुख्यमंत्री ऋण समाधान और रूपे एटीएम वितरण कार्यक्रम के बाद प्रेसवार्ता में प्रदेश में ऋण समाधान के बाद किसानों की कर्जमाफी होगी या नहीं इस प्रश्न पर ये गोलमोल जवाब जिला प्रभारी मंत्री बालकृष्ण पाटीदार ने दिया।
प्रभारी मंत्री ने कहा किसान और मजदूर दो वर्ग ऐसे हैं जिन्हें कल्याणकारी योजना की आवश्यकता है। किसानों के लिए समृद्धि योजन, ऋण समाधान आदि योजना और मजदूरों के लिए मजदूर समाधान योजना शुरू की है। किसानों के लिए स्टाफ, बिजली कनेक्शन आदि के अभाव में कई तहसील मुख्यालयों पर मिट्टी प्रयोगशाला शुरू नहीं हुई है। इस प्रश्न के जवाब में उन्होंने कहा प्रक्रिया चल रही है। तय हो गया करना है तो होगा। इसमें कुछ समय लग सकता है। प्रदेश से वाकई गरीबी भाग रही है इस प्रश्न पर प्रभारी मंत्री ने कहा हमने 15 साल पहले का दृश्य बताया। पहले क्या हालत थी। गरीबी जा रही है या नहीं आप स्वयं देख रहे हैं। आवास योजना के बंगले बन रहे हैं, जहां पहले गांव में घांस फूस की टपरी दिखती थी पक्के घर दिख रहे हैं। शौचालय, बिजली, सिंचाई, सड़क की व्यवस्था की गई है।