- Hindi News
- National
- पोर्टल पर अपडेशन नहीं था पूरा, सत्र बितने के बाद मिल रही विद्यार्थियों को साइकिलेंं
पोर्टल पर अपडेशन नहीं था पूरा, सत्र बितने के बाद मिल रही विद्यार्थियों को साइकिलेंं
सत्र 2017-18 बीतने के बाद अब स्कूली विद्यार्थियों को साइकिल वितरण की जा रही है। नगर सहित जिले में पिछले एक सप्ताह से साइकिल वितरण की प्रक्रिया चल रही है। इसी के तहत नगर के समीपस्थ ग्राम लोनसरा खुर्द की शाससकीय माध्यमिक स्कूल के छटवीं कक्षा के विद्यार्थियों को साइकिल वितरित की गई। इस दौरान 15 विद्यार्थियों को स्कूल प्रभारियों ने साइकिल बांटी। इस दौरान शाला प्रबंधन समिति अध्यक्ष कुंवरसिंह बरडे, केआर मालवीया सहित स्कूल स्टाफ मौजूद था।
स्कूल शिक्षकों ने बताया दो किमी व इससे अधिक दूरी से स्कूल आने वाले विद्यार्थियों को साइकिल दी जा रही है। ताकि विद्यार्थियों को स्कूल आने में सुविधा मिल सके। बता दे की स्कूल शिक्षा विभाग की लापरवाही के चलते विद्यार्थियों को सत्र 2017-18 के तहत साइकिल वितरित की जा रही है। जबकि सत्र पूरा हो चुका है। हालांकि नए सत्र में विद्यार्थियों को इसका लाभ जरूर मिलेगा। जानकारी के अनुसार शिक्षण सत्र 2017-18 के लिए मध्यप्रदेश सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले विद्यार्थियों की सुविधाओं को देखते हुए उन्हें साइकिल वितरण करने का आदेश जारी किया था। इसके बाद ही जिले में प्रक्रिया शुरू की गई है। हालांकि संबंधित स्कूल प्राचार्यों ने सत्र चलने के दौरान ही मांग पत्र शासन को भेजा था। संबंधित अधिकारियों ने बताया की साइकिल वितरण में देरी का मुख्य कारण है की पोर्टल पर अपडेशन का कार्य समय पर पूरा नहीं हो सका। इसके चलते शासन से स्वीकृति नहीं मिल सकी और साइकिल बच्चों तक पहुंचने में देरी हो गई।
इन विद्यार्थियों को रहेगी साइकिल लेने की पात्रता
आयुक्त लोक शिक्षण के माध्यम से स्कूल से 2 किमी दूर की परिधि से आने वाले विद्यार्थियों को स्कूल आने के लिए साइकिल सुविधा देना थी। इसमें एटलस कंपनी की 18 इंच की साइकिल 6वीं कक्षा के विद्यार्थियों व 20 इंच की साइकिल 9वीं कक्षा के विद्यार्थियों को देना है।
स्कूल में विद्यार्थियों को साइकिले बांटते शिक्षक।
दवाना में सरपंच ने बांटी साइकिलें
दवाना | मप्र सरकार की साइकिल वितरण योजना के तहत मंगलवार को दवाना के शासकीय उमावि के विद्यार्थियों के साइकिल बांटी गई। सरपंच अनारसिंह सोलंकी ने विद्यार्थियों को साइकिलें बांटी। इस दौरान स्कूल स्टाफ के साथ प्रमोद चौहान, राजेश पाटीदार, जितेंद्र तिवारी, प्राचार्य एसके दुबे सहित ग्रामीण मौजूद थे। विद्यार्थी स्कूल से साइकिल चलाकर घर पहुंचे। प्राचार्य ने बताया उन विद्यार्थियों को साइकिल दी जा रही है जो स्कूल से दो किमी या इससे ज्यादा दूर रहते है।