पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • 30 हजार रिश्वत की मांग, चार हजार लेते धराया बैंक प्रबंधक

30 हजार रिश्वत की मांग, चार हजार लेते धराया बैंक प्रबंधक

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
दो मंजिला मकान, ऑटो पार्ट्स की दुकान, सर्विस सेंटर व ढाई एकड़ खेती फिर भी मांग रहा था

भास्कर संवाददाता | खंडवा

बेटे को आईएएस बनाने का ख्वाब संजोए जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की बोरगांव बुजुर्ग शाखा के प्रबंधक गोपाल सिंह दरबार को लोकायुक्त टीम ने शुक्रवार सुबह 11 बजे चार हजार रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। पकड़ाते ही वह गिड़गिड़ाने लगा। बोला- मुझे छोड़ दो, मेरी जिंदगी बर्बाद हो जाएगी। लोकायुक्त टीम ने भ्रष्टाचार अधिनियम की धारा 7, धारा 13(1) डी और 13(2) के तहत कार्रवाई की।

बोरगांव बुजुर्ग निवासी कमलेश उर्फ कमल पाटील ने आचार्य विद्यासागर योजना के तहत डेयरी फार्म के लिए सहकारी बैंक की बोरगांव शाखा में लोन का आवेदन किया था। 18 फरवरी को छह लाख का लोन स्वीकृत भी हो गया। शाखा प्रबंधक गोपाल सिंह ने राशि देने के लिए पांच प्रतिशत के हिसाब से 30 हजार रुपए की रिश्वत मांगी। पहली किस्त 1.78 लाख देते समय गोपाल ने पांच हजार लिए। 1.93 लाख रुपए की दूसरी और 70 हजार की तीसरी किस्त देते समय 10-10 हजार लिए। इसके बाद पांच हजार के लिए दबाव बनाने लगा। बात चार हजार पर तय हुई। परेशान होकर कमलेश ने बुधवार को लोकायुक्त से शिकायत की।

इंदौर से लोकायुक्त टीम शुक्रवार सुबह 11 बजे बोरगांव बुजुर्ग पहुंची इसमें डीएसपी प्रवीण सिंह बघेल, एसआई विजय चौधरी, एएसआई विमल जैन, आरक्षक प्रमोद यादव, शिवप्रसाद पाराशर और चालक शेर सिंह शामिल थे। टीम के कहने पर कमलेश ने दूसरे के मोबाइल से गोपाल को फोन लगाया। गोपाल ने कहा 15-20 मिनट में बैंक पहुंच रहा हूं। पहुंचने के बाद कमलेश ने जैसे ही चेंबर में उसे रुपए दिए लोकायुक्त टीम ने बैंक शाखा प्रबंधक को पकड़ लिया।

खबरें और भी हैं...