ईंटों में दबे घायलों को लोगों ने निकाला। एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया।
पाटी होलगांव रोड पर रविवार रात 9.30 बजे की घटना, 4 जिला अस्पताल रैफर
भास्कर संवाददाता | सिलावद
नगर से 4 किमी दूर होलगांव पाटी रोड पर ईंटों से भरा ट्रैक्टर-ट्राली पलट गई। घटना में एक की मौत हो गई। वहीं 7 लोग घायल हुए हैं।
जानकारी के अनुसार रविवार रात 9.30 बजे ट्रैक्टर की स्टेयरिंग फेल होने से ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। ट्रॉली पर बैठे मजदूर इसकी चपेट में आ गए। इनमें से एक की मौके पर ही मौत हो गई। अन्य घायलों को 108 एंबुलेंस के माध्यम से स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां से चार घायलों को जिला अस्पताल रैफर किया गया है। पुलिस जानकारी के अनुसार दुर्घटना में राजू पिता तिखिया (21) की मौत हो गई। वहीं विष्णु देवीसिंह, बुदन मोटीया, शिवराम प्रताप, मंसाराम बिसन, सुनील कुंवरसिंग, विक्रम सवकारिया, पपन कुंवरसिंग सभी निवासी होलगांव घायल हुए है। घायलों ने बताया करी गांव से ईंटें भरकर होलगांव ले जा रहे थे। इसी दौरान होलगांव के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई। इस पर सवार मजदूर ईंटों में दब गए, जिन्हें आसपास के लोगों की मदद से निकाला गया।
ट्रैक्टरों पर नहीं होती चालानी कार्रवाई
नगर के पास स्टेट हाईवे 39 होने से आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती है। दुर्घटनाओं को कम करने लिए आरटीओ बड़वानी व स्थानीय पुलिस द्वारा चलानी कार्रवाई भी की जाती है लेकिन अब तक किसी ने ट्रैक्टरों की ओर ध्यान नहीं दिया। ट्रैक्टर पर न तो नंबर प्लेट लगी होती है। ना ही रेडियम लगा रहता है। कई बार तो ट्रैक्टर एक लाइट के सहारे ही हाईवे पर चलते रहते हैं। इससे रात के समय सामने से आ रहे वाहन चालक को पहचान करना मुश्किल हो जाता है। इसके चलते दुर्घटना होने की आशंका बनी रहती है।